आजसू जनता के साथ सीधा संवाद में विश्वास करती है: सुदेश महतो

Jharkhand झारखण्ड
आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष श्री सुदेश कुमार महतो

बोकारो/ गिरिडीह: आजसू पार्टी जनता और पार्टी के नेताअरों के बीच संवाद कायम करने के लिये किसी तरह के माध्यम को जरूरी नहीं मानती सिवाय कार्यकर्ताओं के। जनता की समस्याओं के समाधान और उनके लिये बेहतर कार्य करने के लिये संवाद बेहद ही जरूरी है और इसी के तहत आजसू हमेशा ही कार्य करती है। ये मानना है आजसू के अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो का। आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष श्री सुदेश कुमार महतो ने कहा है कि जनता और कार्यकर्ता से सीधा संवाद पर ही हम और हमारी पार्टी विश्वास करती है। जनता का भरोसा जीतना और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए गंभीरता दिखाने में कार्यकर्ता की भूमिका सबसे ज्यादा अहम होती है। किसी भी दल या उसके नेता, कार्यकर्ता से जनता यही उम्मीद करती है कि उनकी आवाज को हम समझें और पहल करें। बेरमो विधानसभा क्षेत्र के खेतको में आयोजित मिलन समारोह में उन्होंने ये बातें कही। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय और सेवा के साथ राजनीति को हमने सर्वोपरि रखा है। आजसू पार्टी सांगठनिक तौर पर लगातार विस्तार की ओर है। हर क्षेत्र से जुड़े लोग पार्टी में शामिल हो रहे हैं। इन मौकों को हम सभी मिलकर अच्छे अवसर में बदल सकते हैं। इस समारोह में जिप सदस्य उसमान अंसारी और कांग्रेस के नेता तवनीर आलम अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ आजसू पार्टी में शामिल हुए। आजसू प्रमुख ने पार्टी का पट्टा और माला पहनाकर दोनों नेताओं और उनके समर्थकों का स्वागत किया और कहा कि इस क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए अब नए सिरे से कोशिशें तेज होगी। उन्होंने कहा उत्खनन क्षेत्रों में विस्थापन और पानी संकट से लोगों को जूझना होता है। साथ ही अन्य नागरिक सुविधाएं बहाल किए जाने की मांग समय-समय पर उठती रही है। आजसू पार्टी इन समस्याओं के प्रति संवेदनशील रही है। और हम इसे यूं ही नहीं छोड़ देंगे। इससे पहले तनवीर आलम ने कहा कि आजसू ही राज्य के लिए बेहतर विकल्प है। खेतको के कार्यक्रम के अलावा पार्टी प्रमुख ने डुमरी और गोमिया विधानसभा क्षेत्रों के बूथ प्रभारियों की अलग-अलग बैठक कर चुनावी तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि सभी बूथ प्रभारी अपने बूथ को मजबूत करे और हर बूथ में 25 चुल्हा प्रमुखों के साथ सामंजस्य बनाकर जन-समस्याओं को सुलझाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को अपनी मेहनत एवं लगन के बल पर समाज के प्रति अपने उत्तरदायित्व का निर्वहन करते हुए समाज का अगुआ बनना होगा। पार्टी मेहनत और उनके कार्यों को देखते हुए जिम्मेदारी देती है। जनता के बीच निरंतर बने रहने का संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि जनता के सुख दुःख में हमेशा भागीदार बनें। सरकारी योजनाओं का लाभ हर जरूरतमंद तक पहुंचे, इसके लिए सत्त प्रयत्नशील रहें। कार्यक्रम में पार्टी के केंद्रीय महासचिव डॉ लंबोदर महतो, देवशरण भगत, नवीन महतो, काशीनाथ सिंह, नजरुल हसन हाशमी, संतोष महतो, सचिन कुमार, बुचू सिंह, खगेश्वर महतो, कृष्णा नायक उपेन्द्र मुर्मू समेत कई प्रमुख नेता शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *