
मुखर संवाद के लिये शिल्पी यादव की रिपोर्टः-
रांची/ बरही: झारखंड में आज से जैक बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं शुरू हो जाएगी। जैक बोर्ड परीक्षा में इस बार 7 लाख 48 हजार से ज्यादा छात्र होंगे शामिल, मैट्रिक में 4,23,861 और इंटर में 3,24,321 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा के पहले दिन मैट्रिक की पहली पाली में आईटी और वोकेशनल विषयों की परीक्षा आयोजित की जा रही है।
झारखंड एकेडमिक काउंसिल द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, विद्यार्थियों के लिए परीक्षा शुरू होने से एक घंटा पहले केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य किया गया है और सुबह 9ः 15 बजे के बाद मुख्य द्वार पूरी तरह बंद कर दिए जाएंगे। इस बार मैट्रिक में 4,23,861 और इंटरमीडिएट में 3,24,321 छात्र अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं।
आज से मैट्रिक और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं शुरू हो गई हैं। इस अवसर पर बरही विधानसभा क्षेत्र के विधायक मनोज कुमार यादव ने परीक्षा में शामिल हो रहे सभी छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। विधायक मनोज कुमार यादव ने अपने संदेश में कहा कि मैट्रिक और इंटर की परीक्षा छात्रों के जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है, जो उनके भविष्य की दिशा तय करती है। उन्होंने विद्यार्थियों से शांत मन और आत्मविश्वास के साथ परीक्षा देने की अपील की। साथ ही कहा कि मेहनत, लगन और अनुशासन के बल पर ही सफलता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों से भी आग्रह किया कि वे इस समय बच्चों का मनोबल बढ़ाएं और सकारात्मक वातावरण प्रदान करें, ताकि छात्र बिना किसी मानसिक दबाव के बेहतर प्रदर्शन कर सकें। विधायक ने कहा कि राज्य सरकार और शिक्षा विभाग द्वारा परीक्षाओं को शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। मनोज कुमार यादव ने यह भी कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के राष्ट्र निर्माता हैं। उनकी सफलता से न केवल परिवार बल्कि समाज और क्षेत्र का भी नाम रोशन होगा। उन्होंने सभी परीक्षार्थियों के अच्छे स्वास्थ्य, सफल परीक्षा और उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि ईमानदारी और आत्मविश्वास के साथ किया गया प्रयास अवश्य रंग लाता है।
