आदर्श आचार संहिता उलंघन रोकने पर अधिकारियों व पुलिस के विरुद्ध भीड़ को बरगलाने व दिग्भ्रमित करने का आरोप, युवा राजद नेता सुबोध पासवान की गिरफ्तारी देख मौके से रफूचक्कर हो गए बाउंसर..!

Jharkhand अपराध झारखण्ड राजनीति


मुखर संवाद के लिये व्यूरो रिपोर्टः-
चतरा: संविधान निर्माता डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की जयंती के मौके पर बगैर अनुमति प्रतिमा स्थापित करने पहुंचे ग्रामीणों के द्वारा राजद नेता के बहकावे में आकर चुनाव आदर्श आचार संहिता की खुलेआम धज्जी उड़ाने का मामला प्रकाश में आया है। इतना ही नहीं नाजायज तरीके से जुटाई गई भीड़ ने मौके पर बतौर दंडाधिकारी प्रतिनियुक्त अधिकारियों और पुलिस पदाधिकारी के अलावे जवानों के साथ भी बदसलूकी व दुर्व्यवहार की घटना को अंजाम दिया है। जिसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अंचल अधिकारी नित्यानंद दास के लिखित शिकायत पर कार्रवाई करते हुए हुए भीड़ को उकसाने के आरोपी राजद के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता सुबोध पासवान व उसके एक अन्य समर्थक बब्लू पासवान को मौके से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पूरी घटना प्रतापपुर प्रखंड सह अंचल कार्यालय के समीप स्थित गोलंबर के पास की है। मामले में पुलिस ने अंचल अधिकारी के शिकायत पर सात अन्य नामजद उपद्रवियों समेत दो दर्जन से अधिक असमाजिक तत्वों व ग्रामीणों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है। अनुमंडल पदाधिकारी सुरेंद्र उरांव ने बताया कि प्रतापपुर थाना क्षेत्र के टंडवा गांव निवासी योगेश दास ने लिखित आवेदन दिया था कि भीमराव अंबेडकर जयंती के मौके पर निजी भूमि पर प्रतिमा स्थापित कर पूजा अर्चना करेंगे। जिसके बाद कार्यक्रम की अनुमति दे दी गई थी। साथ ही साथ अंचल अधिकारी को दंडाधिकारी प्रतिनियुक्त करने व स्थानीय पुलिस को विधि-व्यवस्था संधारण का निर्देश दिया गया था। लेकिन कार्यक्रम के अनुमति के पश्चात अंचल अधिकारी प्रतापपुर के द्वारा सूचना प्राप्त हुआ कि जिस स्थान पर प्रतिमा स्थापित करने और पूजा अर्चना की अनुमति मांगी गई है वह निजी नहीं बल्कि प्रखंड मुख्यालय का सार्वजनिक स्थल है। उन्होंने बताया कि आवेदक के द्वारा अनुमंडल कार्यालय को गुमराह कर कार्यक्रम की अनुमति ली गई थी। मामले का खुलासा होते ही तत्काल प्रभाव से कार्यक्रम के अनुमति को निरस्त करते हुए सार्वजनिक स्थान पर प्रतिमा स्थापित करने पर रोक लगाने का निर्देश अंचल अधिकारी और प्रतापपुर पुलिस को संयुक्त रूप से दिया गया था। लेकिन कार्यक्रम की अनुमति का आदेश निरस्त होने की सूचना के बावजूद आवेदक योगेश दास नाजायज तरीके से भीड़ लेकर गोलंबर के समीप पहुंच गए और नियमविरुद्ध प्रतिमा स्थापित करने का प्रयास करने लगे। जिसकी सूचना पर सीओ दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को लोकसभा चुनाव को लेकर देशभर में प्रभावी आदर्श आचार संहिता का हवाला देकर समझाने बुझाने का काफी प्रयास किया। लेकिन आवेदक और ग्रामीणों ने अधिकारियों की एक नहीं सुनी।

प्रखंड प्रशासन के अधिकारी जब प्रतिमा लेकर पहुंचे ग्रामीणों को समझा रहे थे। उसी दौरान राजद के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता प्रतापपुर के बौद्धाडीह गांव निवासी युवा राजद नेता सुबोध पासवान भी चतरा से अपने पांच बाउंसरों के साथ मौके पर पहुंच गए। और ग्रामीणों को उकसाकर अधिकारियों व जवानों से उलझाने का प्रयास करने लगे। जिसके बाद मामला बढ़ता देख घटना की सूचना अनुमंडल पदाधिकारी सुरेंद्र उरांव और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संदीप सुमन को दी गई। सूचना मिलते ही दोनों अधिकारी भी प्रखंड मुख्यालय स्थित हंगामा स्थल पहुंचे। जहां एसडीओ, एसडीपीओ के साथ-साथ प्रतापपुर थाना के प्रभारी थाना प्रभारी प्रशिक्षु आईपीएस शुभम खंडेलवाल ने भी अन्य अधिकारियों और जवानों की मौजूदगी में हंगामा कर रहे राजद नेता और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराने का अथक प्रयास किया। अधिकारियों ने हंगामा और नारेबाजी कर रहे राजद नेता व ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया कि चुनाव आदर्श आचार संहिता में किसी भी सार्वजनिक स्थान पर प्रतिमा स्थापना और अनावरण की अनुमति नहीं होती है। लेकिन इसके बाद भी सुबोध पासवान लगातार मौके पर मौजूद महिलाओं और भीड़ में शामिल लोगों को प्रशासन और अधिकारियों के विरुद्ध उकसाते नजर आए। इसके बाद प्रतिमा स्थापित करने से रोकने से नाराज ग्रामीण अधिकारियों और जवानों से ही उलझ गए। और मौके पर ही गाली-गलौज और दुर्व्यवहार की घटना को अंजाम दे दिया। हालांकि इस दौरान जन भावना को देखते हुए अधिकारियों ने मौके पर बाबा साहब की पूजा अर्चना करने का इजाजत तक दे दिया था। लेकिन पूजा के बाद सभी मौके पर प्रतिमा स्थापित करने की जीद पर अड़ गए और प्रतिमा लेकर पहुंचे वाहन को गोलंबर परिसर में घुसाने का प्रयास करने लगे। जिसके बाद मामला बिगड़ गया।

प्रतापपुर थाना के प्रभारी थाना प्रभारी प्रशिक्षु आईपीएस शुभम खंडेलवाल ने बताया कि लोकसभा चुनाव को लेकर आदर्श आचार संहिता प्रभावी होने के बावजूद मौके पर अधिकारियों और जवानों से बदसलूकी कर रहे सुबोध पासवान व नाजायज तरीके से जुटाई गई भीड़ को नियमों और कानून का हवाला देकर समझाने का प्रयास किया गया था। दंडाधिकारी के रूप में तैनात अंचल अधिकारी के साथ-साथ अनुमंडल पदाधिकारी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के अलावे प्रतापपुर थाना के पदाधिकारियों ने भी लोगों से शांतिपूर्वक सरकारी निर्देशों का अनुपालन करने का अपील किया था। लेकिन अधिकारियों और जवानों के सामने ही सुबोध पासवान के द्वारा लगातार भीड़ को दिग्भ्रमित कर बदसलूकी और कानून को हाथ में लेने को लेकर प्रोत्साहित किया जा रहा था। इसके बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संदीप सुमन के द्वारा सुबोध पासवान से भिड़ को हटवाते हुए थाना चलने का आग्रह किया गया। लेकिन उसके बावजूद आचार संहिता का उल्लंघन करने वाले सुबोध पासवान और मौके पर मौजूद भीड़ में शामिल असमाजिक तत्व अधिकारियों को ही कानून का पाठ पढ़ाने लगे। जिससे परेशान मजबूरन मौके पर मौजूद सुरक्षाबलों को हल्का बल प्रयोग करते गोलंबर के समीप से ही घटना के प्लानर राजद नेता सुबोध पासवान और उसके एक अन्य समर्थक बौद्धाडीह गांव निवासी बब्लू पासवान को गिरफ्तार करना पड़ गया। गिरफ्तारी के साथ ही सुबोध की हेकड़ी निकल गई, वहीं भीड़ में शामिल महिलाएं हंगामा करने लगी।

हालांकि सुबोध पर पुलिसिया सख्ती के बाद मौके से उसके सभी बाउंसर के साथ-साथ हंगामा कर रही लगभग पूरी भीड़ रफूचक्कर हो गई। क्योंकि जब सुबोध मौके पर पहुंचा था, तब उसके साथ काले लिबास में पांच बाउंसर भी पहुंचे थे। इधर घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जहां पूरी घटना के सूत्रधार राजद नेता सुबोध पासवान को उसके एक अन्य समर्थक के साथ गिरफ्तार कर तत्काल जेल भेज दिया है। वहीं मामले में आधा दर्शन से अधिक नामजद आरोपियों के साथ-साथ दो दर्जन से अधिक अज्ञात लोगों के विरुद्ध भी प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई में जुट गई है। एसडीपीओ संदीप सुमन ने बताया कि घटना में शामिल उपद्रवियों की पहचान वायरल वीडियो फुटेज के आधार पर की जा रही है। फुटेज के आधार पर सभी आरोपियों को चिन्हित करते हुए अभियान चलाकर गिरफ्तारी सुनिश्चित कर जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी। एसडीपीओ ने कहा कि किसी भी परिस्थिति में किसी को कानून को हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी। जो लोग भी कानून को चुनौती पेश करने का प्रयास करेंगे उनसे सख्ती से निबटा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *