कर्नाटक के नाटक में दखल दिया सुप्रीम कोर्ट ने, आज ही विधायक मिले स्पीकर से

देश

कर्नाटक के नाटक में दखल दिया सुप्रीम कोर्ट ने, आज ही विधायक मिले स्पीकर से बेंगलुरुः सुप्रीम कोर्ट ने आदेश दिया है कि इस्तीफा देने वाले कांग्रेस-जेडीएस के 10 बागी विधायक गुरुवार शाम 6 बजे वे विधानसभा स्पीकर रमेश कुमार से मुलाकात करें। कोर्ट ने कहा कि विधानसभा स्पीकर आज ही विधायकों के इस्तीफे पर फैसला लें और अपना निर्णय कल शुक्रवार को बताएं। साथ ही कर्नाटक पुलिस को सभी बागी विधायकों को सुरक्षा प्रदान करने के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने गुरुवार को मंत्रिमंडल की बैठक बुलाई है। मुख्यमंत्री कार्यालय के मुताबिक, बैठक में सभी मंत्री उपस्थित होंगे। क्योंकि उन्होंने अपने पार्टी अध्यक्ष को इस्तीफा सौंपा है, मुख्यमंत्री को नहीं। वहीं, 11 से 14 जुलाई तक बेंगलुरु के विधानसभा क्षेत्र में धारा 144 लागू की गई है। कांग्रेस नेता एसटी सोमशेखर कल देर रात मुंबई से बेंगलुरु लौट आए। सोमशेखर बेंगलुरु डेवलपमेंट अथॉरिटी (बीडीए) के अध्यक्ष हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मैं यहीं रहूंगा, वापस मुंबई नहीं जा रहा हूं। मैंने विधायकी से इस्तीफा दिया है, लेकिन अभी भी कांग्रेस में हूं।’’ भाजपा नेता बीएस येदियुरप्पा ने पार्टी के सभी विधायकों की गुरुवार को बैठक बुलाई है। बैठक में हाल के राजनीतिक घटनाक्रम में विधायकों के इस्तीफे के बाद उनकी सदस्यता और अन्य संबंधित मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। कर्नाटक सरकार में मंत्री और कांग्रेस नेता डी शिवकुमार बुधवार को बागी विधायकों से मिलने मुंबई के रेनेसां होटल पहुंचे थे। लेकिन, पुलिस ने उन्हें मिलने नहीं दिया। उन्हें जबरन बेंगलुरु भेज दिया गया। इस पर उन्होंने कहा कि भाजपा और मुंबई पुलिस को शर्म आनी चाहिए। यह सब भाजपा के इशारे पर हो रहा है। मुझे अपने दोस्तों और सहयोगियों से मिलने नहीं दिया गया। मुझे पुरा विश्वास है कि सभी असंतुष्ट विधायक जल्द वापसी करेंगे।डी शिवकुमार के मुंबई आने की खबर के बाद बागी विधायकों ने पुलिस को पत्र लिखकर सुरक्षा की मांग की थी और मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी और शिवकुमार से खतरा बताया था। विधायकों से नहीं मिलने दिए जाने पर शिवकुमार ने कहा कि मुंबई अपने आतिथ्य सत्कार के लिए जानी जाती है। मैंने यहां के होटल में कमरा बुक किया था। यहां अपने दोस्तों और सहयोगियों से मिलने आया था। लेकिन भाजपा और अधिकारियों ने अपने अधिकारों का गलत इस्तेमाल किया।पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को भाजपा पर आरोप लगाया कि वह कर्नाटक में विधायकों की खरीद-फरोख्त की कोशिश कर रही है। संविधान खतरे में है। ममता ने कहा कि हम भाजपा के इस अहंकारी रवैये की निंदा करते हैं। वहीं सीपीआई के महासचिव वी. सुधाकर रेड्डी ने कहा है कि भाजपा पैसे के दम पर राजनीतिक खेल खेल रही है जो देश के लिये नुकसानदायक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *