

मुखर संवाद के लिये शिल्पी यादव की रिपोर्टः-
रांची: अगले एक सप्ताह तक कांग्रेस को धरातल पर मजबूत करने और संगठन को सर्वव्यापी करने की रणनीति के तहत कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे सभी प्रमंडलों में कार्यकर्ताओं से संवाद स्थापित करने का काम करेंगें। झारखंड में पार्टी संगठन को मजबूत बनाने,संगठन और सरकार के बीच समन्वय बनाने तथा कार्यकर्त्ताओं में उत्साह का संचार करने के लिए कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय आज सुबह रांची पहुंचे। रांची स्थित बिरसा मुंडा हवाईअड्डे पर पत्रकारों से बातचीत में कांग्रेस प्रभारी ने कहा कि कार्यकर्त्ताओं, सरकार और संगठन के बीच बेहतर संवाद स्थापित होने से ना सिर्फ सरकार में बेहतर कामकाज होगा,बल्कि गठबंधन को भी ताकत मिलेगी एवं पार्टी की आतंरिक लोकतंत्र को भी मजबूती मिलेगी।उन्होंने कहा चिंतन शिविर से जो संवाद निकला है उसे पूरे राज्य में कार्यकर्ताओं के बीच ले जाना है।राहुल गांधी जी के कार्यक्रमों को जन जन तक पहुँचाना है,सदस्यता अभियान को एक मिशन के रुप में लेते हुए ज्यादा से ज्यादा लोगों को पार्टी की विचारधारा से जोड़ते हुए सदस्य बनाना है।
तेलंगाना के मुख्यमंत्री के.चंद्रशेखर राव के रांची दौरे के संबंध में पूछे गये एक प्रश्न के उत्तर में अविनाश पांडेय ने कहा कि वे एकदिवसीय निजी दौरे पर आये थे, झारखंड में उनका स्वागत है। उन्होंने कहा कि केसीआर भी यूपीए घटक के रूप में रह चुके है, उनकी विचाराधारा भी एक समान है, भाजपा को रोकने के लिए सभी को एकजुट होना पड़ेगा। एयरपोर्ट पर प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आलोक कुमार दूबे ने अपने समर्थकों के साथ प्रभारी अविनाश पांडेय का स्वागत किया,एवं 7 मार्च को दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल के राँची में होने वाले संवाद कार्यक्रम को सफल बनाने का विश्वास दिलाया।
आज 5 मार्च 2022 को उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल स्तरीय सम्मेलन हजारीबाग में, 6 मार्च 2022 को संथाल परगना प्रमंडल स्तरीय सम्मेलन दुमका में, 7 मार्च 2022 को दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल स्तरीय सम्मेलन रांची में, 12 मार्च को पलामू प्रमंडल स्तरीय सम्मेलन पलामू में और 13 मार्च 2022 को कोल्हान प्रमंडल स्तरीय सम्मेलन पश्चिमी सिंहभूम चाईबासा में आयोजित होगी.
हजारीबाग : कार्यकारी अध्यक्ष जलेश्वर महतो, शहजादा अनवर, केशव महतो कमलेश.
दुमका : कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की और सुल्तान अहमद.
रांची: कार्यकारी अध्यक्ष गीता कोड़ा, बंधु तिर्की,अशोक चौधरी.
पलामू: शाहजदा अनवर और भीम कुमार.
चाईबासा : गीता कोड़ा, बंधु तिर्की व रमा खलखो.
