
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बनने पर महागठबंधन पर निर्णय होगा: अभया सिंह रांची: झारखंड के कांग्रेस के नये प्रदेश अध्यक्ष का फैसला होने के साथ ही महागठबंधन पर बातचीत की गाड़ी आगे बढ़ेगी। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और सभी दलों के नेताओं के साथ मिल बैठकर जल्द ही फैसला किया जायेगा। राजद अध्यक्ष अभय कुमार सिंह ने कहा कि झारखंड विधानसभा चुनाव में विपक्षी गठबंधन के नेता हेमंत सोरेन हैं। जिन मुद्दों पर बातचीत होनी है, उनसे ही होनी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस का नया अध्यक्ष बनते ही सीटों के फमूर्ले पर बातचीत शुरू हो जाएगी और जल्द ही पूरा विपक्ष एकजुट होकर चुनाव लड़ेगा और हेमंत सोरेन मुख्यमंत्री बनेंगे। यें बातें अभय सिंह ने बुधवार को प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान कही। उन्होंने बताया कि राजद ने 9 अगस्त को सदस्यता अभियान का शुभारंभ किया था। अब तक 90 हजार सदस्य बन चुके हैं। लोग अधिक से अधिक राजद के सदस्य बन सकें, इसके लिए डिजिटल सदस्यता अभियान को भी इसमें शामिल किया जा रहा है। अक्तूबर तक पार्टी का सदस्यता अभियान चलेगा और कुल लक्ष्य 5 लाख तय किया गया है। इस मौके पर दुर्गेश यादव ने कहा कि ऑन लाइन सदस्यता अभियान के माध्यम से लालू यादव को चाहने वाले देश भर के लोग संगठित हो रहे हैं। जिसका दुरगामी परिणाम चुनाव में देखने को मिलेगा। कार्यक्रम में पार्टी प्रधान महासचिव सुरेंद्र रवानी, केंद्रीय प्रवक्ता अनिता यादव सहित कई उपस्थित थे। इस मौके पर राजद की ओर से आनेवाले दिनों में 5 लाख नये कार्यकर्ता बनाने को लेकर गंभीरता से मंथन हुआ।
