
रिपोर्टः- अशोक कुमार
रांची: झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए रविवार को कांग्रेस ने अपने वादों का पिटारा खोल दिया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी विधानसभा चुनाव को लेकर घोषणापत्र जारी कर दिया। इसमें युवाओं को बेरोजगारी भत्ता देने और 6 महीने में सभी सरकारी रिक्तियां भरे जाने का वादा किया गया है। प्रेस क्लब में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश प्रभारी आरपीएन सिंह, सह-प्रभारी उमंग सिंघार, एआइसीसी मेंबर सलीम अहमद, राज्य समन्वयक अजय शर्मा, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. रामेश्वर उरांव, विधायक दल नेता आलमगीर आलम और घोषणा पत्र समिति के अध्यक्ष डॉ. जयप्रकाश गुप्ता के साथ-साथ कार्यकारी अध्यक्ष राजेश ठाकुर मौजूद. झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने रविवार को घोषणा पत्र जारी किया। इसमें परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने का वादा किया। कांग्रेस प्रदेश प्रभारी आरपीएन सिंह ने कहा कि राज्य में अगर गठबंधन की सरकार बनी तो 6 माह के अंदर रिक्त पड़ी सरकारी नौकरियों को भरा जाएगा। कांग्रेस ने घोषणा पत्र में यह भी वादा किया कि जब तक नौकरी नहीं मिलती है तब तक परिवार के एक सदस्य को बेरोजगारी भत्ता दिया जाएगा।
हालांकि, इसमें यह स्पष्ट नहीं किया गया कि जिस घर में पहले से नौकरी है तो उन्हें भी इसका लाभ मिलेगा या नहीं। बताते चलें कि कांग्रेस, झामुमो और राजद के साथ गठबंधन के तहत झारखंड विधानसभा का चुनाव लड़ रही है। इसमें झामुमो को 43, कांग्रेस को 31 और राजद को 7 सीटें मिली है। ज्यादा से ज्यादा महिलाओं को पुलिस में नौकरी दी जाएगी। अकेले यात्रा करने पर महिलाओं को सरकारी बस में मुफ्त यात्रा करवाई जाएगी। किसानों की 2 लाख रुपए तक का ऋण माफ किया जाएगा। लघु वन उपज के लिए कानून बनाएंगे। रांची में मेट्रो रेल लाई जाएगी। धनबाद व जमशेदपुर में भी मेट्रो रेल चले, इसकी रिपोर्ट बनाकर केंद्र सरकार को भेजी जाएगी। जिन परिवार की आय 10 हजार से कम हैं, उनकी बच्चियों को मुफ्त में साइकिल दी जाएगी। भीड़ की हिंसा में सख्त सजा का प्रावधान किया जाएगा। धान के लिए 2500 रुपए प्रति क्विंटल न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) तय किया जाएगा। हर पंचायत और ग्राम सभा में गुणवत्तापूर्ण इंटरनेट कनेक्टिविटी सुनिश्चित की जाएगी। हर जिले में एक पुस्कालय की स्थापना की जाएगी। एक केंद्रीकृत ई-लाइब्रेरी का निर्माण किया जाएगा। पेट्रोल व डीजल पर वैट की दर कम की जाएगी।
