कांग्रेस ने झारखंड में अपना कद किया है कमजोर , झामुमो की बन गयी है बी टीम कांग्रेस, पिछले आठ दिनों में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर तीन बार सीएम हेमंत सोरेन को नववर्ष पर बधाई देने पहुंचे

Jharkhand झारखण्ड देश राजनीति


मुखर संवाद के लिये ब्यूरो रिपोर्टः-
रांची : कांग्रेस पार्टी झारखंड में झारखंड मुक्ति मोर्चा की बी टीम बन चुकी है और झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष और सूबे के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को रिझाने में ही कांग्रेस के नेता लगे रहते हैं। कांग्रेस के नेताओं के लिये मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात ही राजनीतिक संजीवनी बन चुकी है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर भी मुख्यमंत्री से मुलाकात करके धन्य हो जाते हैं या फिर मुख्यमंत्री के पास अपने विधायकों की घटती साख के बीच बार-बार मुलाकात करके सरकार के अंदर और बाहर अपननी स्थिति सुधारना चाहते हैं। हाल ही में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर शुक्रवार को तीसरी बार मुख्यमंत्री को नववर्ष की बधाई देने पहुंचे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर आज विधायक दीपिका पांडेय और पूर्णिमा नीरज सिंह के साथ मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय पहुंच कर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को नववर्ष की बधाई दी थी। इससे पहले वे एक बार कुछ पार्टी नेताओं के साथ और दूसरी बार स्वास्थ्य मंत्री समेत अन्य नेताओं के साथ भी मुख्यमंत्री को जन्मदिन पर बधाई देने पहुंचे थे।

वहीं साल के अंतिम दिन प्रदेश प्रभारी आरपीएन सिंह से भी मुलाकात के लिए पहुंचे थे , परंतु उस दिन प्रभारी और हेमंत सोरेन के बीच बंद कमरे में बात हुई थी। बाद में उन्होंने मुख्यमंत्री को 2021 की विदाई के मौके पर भी बधाई दी थी। इससे पहले 29 दिसंबर को हेमंत सोरेन सरकार के दो वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर रांची के मोरहाबादी में आयोजित मुख्य समारोह में भी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर को उस समय असहज स्थिति का सामना करना पड़ा था, तब प्रदेश प्रभारी आरपीएन सिंह के साथ कार्यकारी अध्यक्ष और विधायक बंधु तिर्की को मंच पर बैठने के लिए आमंत्रित किया गया था, लेकिन राजेश ठाकुर मंच के नीचे अतिथि दीर्घा में विराजमान थे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के इस तरह के हल्केपन व्यवहार और चाल-ढाल से प्रदेश कांग्रेस के निष्ठावान और समर्पित कार्यकर्त्ताओं में खासी नाराजगी भी है। वहीं आम कार्यकर्ता भी कांग्रेस की झारखंड में सरकार होने के वावजूद सरकार के अंदर कोई खास तवज्जें नहीं मिलने से नाराज है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *