मुखर संवाद के लिये प्रमिला यादव की रिपोर्टः-
नयी दिल्ली: मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव में नामांकन की तैयारियों के बीच राजस्थान में नए सीएम के लिए रेस शुरू हो गई है। गहलोत के अध्यक्ष बनने के बाद सीएम पद छोड़ने के बयान से पार्टी में दिल्ली से जयपुर तक सियासी सरगर्मियां बढ़ गई हैं। सचिन पायलट विधायकों से मिल रहे हैं। पायलट और गहलोत के समर्थन में बयानबाजी का दौर शुरू हो गया है। ग्रामीण विकास राज्य मंत्री राजेंद्र सिंह गुढ़ा ने सचिन पायलट को सीएम बनाने की पैरवी करते हुए उन्हें सबसे बेस्ट फेस बताया है। उधर हेल्थ मिनिस्टर परसादीलाल मीणा ने गहलोत के साथ होने की बात कही है। गुढ़ा ने कहा- अशोक गहलोत का अब कांग्रेस अध्यक्ष बनना तय हो गया है। गहलोत के बाद अब मेरी जानकारी में कांग्रेस में पायलट से बेस्ट कोई फेस नहीं है। गहलोत के बाद पायलट से बढ़कर कोई विकल्प नहीं है। मुझे लगता है अब नवरात्रि में पायलट वाला काम हो जाएगा।
वे सीएम बन जाएंगे। सचिन युवा नेता हैं। अपने अंदाज से राजनीति करते हैं। गुढ़ा जयपुर में मीडिया से बातचीत कर रहे थे।गुढ़ा ने कहा- मुख्यमंत्री का फैसला अब आलाकमान को करना है। आलाकमान जो फैसला करेगी, उसका सभी कांग्रेस विधायक, हम बसपा से आने वाले छह विधायक, निर्दलीय और जितने भी सहयोगी हैं, सब साथ रहेंगे। यह गारंटेड बात है। कहीं कोई विरोधाभास नहीं है। 2023 में हम शानदार तरीके से चुनाव लड़ेंगे। कांग्रेस की सरकार रिपीट करेंगे। इस बार कांग्रेस सरकार ने अच्छा काम किया है। सचिन पायलट सीएम होंगे तो नेता के चेहरे का भी फर्क पड़ता है।गहलोत जब दिल्ली गए, बारिश हुई। उन्होंने कहा- शगुन अच्छा है। इसका मतलब देश में कांग्रेस मजबूत होगी। पायलट जयपुर आए तब बारिश हो रही थी। यहां भी बारिश का शगुन अच्छा हुआ। मुझे लग रहा है कि पायलट के नेतृत्व में कांग्रेस 2023 में सरकार बनाएगी।
