
शिल्पी यादव की रिपोर्टः-
पटना : बिहार के बाद अब झारखंड राजद की ओर से भी चतरा और पलामू संसंदीय सीट को लेकर पहल की जा रही है। इंडिया गठबंधन के अंदर मामला सुलझाने की कोशिश की जा रही है तो वहीं झारखंड राजद के नेताओं ने चतरा और पलामू संसदीय सीट पर राजद के प्रत्याशी की औपचारिक घोषणा कराने की रणनीति के तहत राद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव से मुलाकात की है। इंडिया गठबंधन में अब तक सीटों का फैसला नहीं होने को लेकर झारखंड राजद प्रदेश अध्यक्ष संजय सिंह यादव और प्रदेश युवा अध्यक्ष रंजन कुमार ने बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव से मुलाकात की।
राजद प्रदेश अध्यक्ष संजय सिंह यादव और प्रदेश युवा अध्यक्ष रंजन कुमार ने राज्य की वर्तमान राजनीतिक स्थिति से लालू प्रसाद यादव को अवगत कराया और राजद की परंपरागत सीट पलामू और चतरा को लेकर विस्तार से चर्चा करते हुए जल्द ही प्रत्याशी के घोषणा की मांग की है। झारखंड राजद के नेताओं को यह आश्वासन मिला है कि बहुत जल्द ही राजद की सीटों और प्रत्याशियों को लेकर ऐलान कर दिया जाएगा। झारखंड की राजनीति के चर्चा के दौरान राज्यसभा सांसद मीसा भारती, राष्ट्रीय प्रधान महासचिव सह विधान पार्षद अब्दुल बारी सिद्दीकी, राष्ट्रीय महासचिव श्याम रजक व रोहिणी आचार्य उपस्थित थे। राष्ट्रीय जनता दलके झारखंड प्रभारी जयप्रकाश नारायण यादव को बांका संसदीय सीट से प्रत्याशी बनाए जाने पर झारखंड राजद में काफी खुशी है। पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष संजय सिंह यादव, युवा राजद अध्यक्ष रंजन कुमार, उपाध्यक्ष अनिता यादव ने उन्हें बधाई व शुभकामनाएं दी है। झारखंड राजद ने जयप्रकाश नारायण यादव को प्रत्याशी बनाए जाने पर राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, राज्यसभा सदस्य मीसा भारती के प्रति भी आभार जताया है।
हालांकि बांका सीट से गोड्डा के पूर्व विधायक संजय प्रसाद यादव के नाम की भी काफी चर्चा थी। गोड्डा संसदीय सीट में उनका पैतृक आवास होने के कारण राजद नेताओं की ओर से संजय प्रसाद यादव को प्रत्याशी बनाये जाने की काफी आशा बंधी थी। हांलांकि संजय प्रसाद यादव को आश्वासन मिलने के कारण ही वे बांका संसदीय क्षेत्र के कई इलाकों में जनसंपर्क अभियान भी चलाया गया था।
