

मुखर संवाद के लिये अशोक कुमार की रिपोर्टः-
चतरा: चतरा में राजद श्रम नियोजन मंत्री संजय प्रसाद यादव के स्वागत को लेकर दो गुटों में बंट गया है। राजद की ओर से मंत्री संजय प्रसाद यादव का स्वागत कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। मंत्री संजय प्रसाद यादव के स्वागत कार्यक्रम की तैयारियों में सक्रिय हुए सुबोध पासवान का विरोध करने के लिये राजद के कार्यकर्ता जुट गये हैं। और ऐसी संभावना है कि मंत्री संजय प्रसाद यादव के स्वगत कार्यक्रम के दौरान राजद के कार्यकर्ता आपस में भिड़ सकते हैं। स्वागत कार्यक्रम के दौरान राजद नेताओं के अंदरूनी कलह का कोई भयंकर परिणाम सामने आ सकता है। पूर्व में चतरा जिला परिषद के सदस्य अरूण कुमार यादव के नेतृत्व में श्रम नियोजन मंत्री संजय प्रसाद यादव का स्वागत कार्यक्रम रखा गया है जिसमें राजद से निष्कासित नेता सुबोध कुमार पासवान भी उनका सहयोग कर रहे हैं। सुबोध कुमार पासवान चतरा विधानसभा क्षेत्र से राजद की प्रत्याशी रश्मि प्रकाश के खिलाफ एआईएमआईएम के प्रत्याशी के रूप में लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव को चुनौती दे डाली थी। सुबोध पासवान इसके पहले लोजपा के राष्ट्रीय अघ्यक्ष चिराग पासवान के भी करीबी माने जाते रहे हैं। सुबोध पासवान ने चिराग पासवान का एक सामाजिक कार्यक्रम भी चतरा में आयोजित किया था। सुबोध पासवान फिर से राजद में शामिल हो गये हैं जिसका विरोध राजद के कार्यकर्ता और नेता कर रहे हैं। अरूण यादव और सुबोध पासवान के जुगलबंदी के विरोध में राजद के जिलाध्यक्ष नवल किशोर यादव के नेतृत्व में स्वागत कार्यक्रम की तैयारियों के लिये बैठक की गयी है। राजद कोटे से श्रम नियोजन कौशल एवं उद्योग विभाग के मंत्री संजय प्रसाद यादव का 15 फरवरी को चतरा कॉलेज मैदान में आगमन एवं नागरिक अभिनन्दन की भव्य तैयारी हेतू जिला स्तरीय राजद कार्यकर्ता की अहम बैठक चतरा लोकसभा के पूर्व प्रत्याशी सुभाष प्रसाद यादव के आवास पर जिला अध्यक्ष नवल किशोर यादव की अध्यक्षता में हुई,जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री सत्यानन्द भोक्ता मौजूद थे।
बैठक में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने सामुहिक रूप से निर्णय लिया है कि विधानसभा चुनाव में राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव के निर्णय को चुनौती देकर पार्टी विरोधी कार्याे में संलिप्त पाए गए लोगों जिन्हें समीक्षा बैठक में पार्टी से छः वर्षाे के लिए निष्कासित किया गया था। उन्हें किसी भी सूरत में कार्यक्रम में शामिल नही होंने दिया जायेगा। बैठक में पार्टी विरोधी कार्यो में लिप्त पाये जानेवाले नेताओं को राजद के कार्यकर्ता सबक भी सिखाने का काम करेंगे। यानि की निष्कासित नेताओं के मंच पर पहुंचने की कोशिश पर उनको सख्त नतीजें भगतने की चेतावनी दी है। बैठक के दौरान मौके पर सभी प्रखंडों के प्रखंड अध्यक्ष सहित गणमान्य कार्यकर्ता और नेता उपस्थित थे। चतरा में राजद के अंदर पार्टी दो गुटों में विभाजित हो गयी है एक गुट जिलाध्यक्ष नवल किशोर यादव और पूर्व मंत्री सत्यानंद भोक्ता के नेतृत्व में मंत्री संजय प्रसाद यादव के स्वागत की तैयारी कर रहा है तो दूसरा गुट अरूण यादव और सुबोध पासवान के नेतृत्व में कार्यक्रम का आयोजन कर रहा है। वहीं नवल किशोर यादव के गुट का मामनना है कि जिनलोगों ने राजद को चतरा में चुनाव हराने का काम किया उनको राजद के कार्यकर्ता कार्यक्रम में किसी भी कीमत पर शामिल नहीं होंने देंगे। ऐसी स्थिति में अरूण यादव और सुबोध पासवान का गुट मंच पर जाने की कोशिश करेगा तो राजद के कार्यकर्ताओं में आपस में ही भिडंत हो सकती है। राजद के जानकार यह भी मानते हैं कि चतरा के हंटरगंज में 24 जनवरी को पूर्व मंत्री सत्यानंद भोक्ता के नेतृत्व में श्रम नियोजन मंत्री संजय प्रसाद यादव का स्वागत कार्यक्रम आयोजित हो चुका है तो ऐसी स्थिति में 15 दिनों में फिर से चतरा में मंत्री संजय प्रसाद यादव का स्वागत कार्यक्रम गुटबाजी की स्थिति को स्पष्ट करता है। चतरा में पार्टी की गुटबाजी ही राजद प्रत्याषी रश्मि प्रकाश की हार का कारण बना है।
