चन्द्रप्रकाश चैधरी के जूलूस में हुई झड़प धनबादः धनबाद में एक बार फिर से सांप्रदायिक हिंसा के सवाल पर लोग आपस में उलझते दिखें। मौका था विजय जूलूस का लेकिन माहौल तनाव में व्याप्त हो गया। कतरास रामपूजन नगर में गुरुवार की रात गिरिडीह लोकसभा सीट से एनडीए प्रत्याशी और आजसू नेता चंद्रप्रकाश चैधरी की जीत के विजय जुलूस के दौरान दो गुटों में झड़प हो गई। शुक्रवार सुबह कतरास बाजार चैक पर टायर जलाकर लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान एक बार फिर स्थिति तनावपूर्ण हो गई। घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जुटी भीड़ को हटाने के लिए लाठीचार्ज किया। इसके बाद भीड़ ने पुलिस पर भी पथराव कर दिया। घटना में फायरिंग की भी सूचना है। इस दौरान दो लोग घायल भी हो गए। फिलहाल, मौके पर धारा 144 लागू कर दी गई है। घटना की सूचना के बाद सिटी एसपी पीयूष पांडेय, ग्रामीण एसपी अमन कुमार, एसएसपी किशोर कौशल, डीसी आंजनेयुलु दोड्डे, एसीडीएम शशि रंजन, डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर मुकेश महतो और जिला पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे। फिलहाल स्थिति को नियंत्रण में करने की कोशिश की जा रही है। चंद्रप्रकाश चैधरी की जीत की खुशी में समर्थकों ने रामपूजन नगर से जुलूस निकाला था। जुलूस जब गुहीबांध पहुंचा, तो गाना बजाने और नारेबाजी के मसले पर एक धार्मिक स्थल के पास दोनों पक्षों में झड़प हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों से बातचीत कर जुलूस को बाजार की ओर रवाना किया। उसके बाद समाजविरोधी तत्वों ने कई घरों में हमला कर दिया और वाहनों में तोड़फोड़ की। धार्मिक स्थल पर भी पत्थरबाजी की गई। पता चलते ही बाघमारा डीएसपी के साथ कतरास, बाघमारा, बरोरा, रामकनाली सहित आठ थानों और ओपी की पुलिस पहुंच गई। जिला मुख्यालय से दंगारोधी बल के जवान भी बुलाए गए। उन्होंने स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस मौके पर कैंप कर रही है। फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। पुलिस बारीकी से पूरे घटनाक्रम पर नजर रखे हुए है। धनबाद में एनडीए कार्यकर्ताओं की खुशी तनाव में बदलने से माहौल काफी खराब हो गया है।
