

रिपेार्ट- संजय कुमार पटना: जिस तरह एक ही पति की दो पत्नियां एक ही घर में रहकर लड़ती है और झगड़ती है लेकिन पति के लिये दोनेां वफादार रहती हैं। ठीक इसी तरह से बिहार के अंदर जदयू और भाजपा सत्ता के लिये एकदूसरे के साथ रह रही हैं लेकिन सौतन की तरह लड़ भी रही हैं। जदयू और भाजपा ने बिहार में विधानसभा चुनाव एक दूसरे के विरोध में लड़ा था लेकिन अब सत्ता के लिये साथ-साथ हैं। बाढ़ के लिये एक दूसरे को जिम्मेवार ठहरा रहे हैं लेकिन एक दूसरे का साथ केवल और केवल सत्ता के लिये ही चिपके हुए हैं। राजधानी पटना में जलजमाव पर भाजपा और जदयू के बीच मचा घमासान लगातार बढ़ता जा रहा है। भाजपा की ओर से केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह लगातार बिहार की एनडीए सरकार पर हमलावर बने हुए हैं। वहीं जदयू की ओर से पार्टी के नेताओं के बाद अब राज्य सरकार के मंत्रियों ने मोर्चा संभाल लिया है। भवन निर्माण मंत्री डॉ.अशोक चैधरी और ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने गिरिराज पर निशाना साधा तो उद्योग मंत्री श्याम रजक ने उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी से लेकर पथ निर्माण मंत्री नंदकिशोर यादव को भी अपने आक्रोश के लपेटे में ले लिया। हालांकि इन सबके के बयानों में कहीं भी पटना में त्राहिमाम कर रही जनता का दर्द नहीं दिख रहा है। उद्योग मंत्री श्याम रजक ने उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी से लेकर पथ निर्माण मंत्री नंदकिशोर यादव तक के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। रजक ने कहा कि नंदकिशोर यादव को सिर्फ पटना सिटी की चिंता है। नंदकिशोर यादव को पुनपुन और बाकी के इलाकों से कोई मतलब नहीं है। सुशील मोदी को भी राजेंद्र नगर से आगे कुछ दिखाई नहीं देता है। सुशील मोदी को बयान देने के अलावा कोई काम नहीं आता है।भवन निर्माण मंत्री डॉ.अशोक चैधरी ने गिरिराज सिंह को बेफिजूल बयानबाजी से बचने की नसीहत दी है। चैधरी ने कहा कि गिरिराज सिंह मीडिया में बने रहने के लिए फटे ढोल की तरह बयान देते रहते हैं। बाढ़ से परेशान जनता के लिए उन्होंने क्या काम किया? इसकी जानकारी उन्हें देनी चाहिए। गिरीराज सिंह जिस विभाग के मंत्री हैं उसके काम पर ध्यान क्यों नहीं देते? ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि गिरिराज सिंह ने केंद्रीय मंत्री रहते बिहार के लिए अब तक क्या किया है? इसकी जानकारी उन्हें देनी चाहिए। गिरिराज सिंह लंबे वक्त से केंद्रीय मंत्री हैं लेकिन बिहार के लिए उनकी तरफ से किए गए कामों की कोई चर्चा नहीं है। आपदा की स्थिति में सरकार को जो भी काम करना चाहिए वह लगातार किया जा रहा है। पटना में लोगों को जलजमाव से निजात दिलाई जा रही है लेकिन गिरिराज केवल चर्चा में बने रहने के लिए बयानबाजी कर रहे हैं। वहीं अब गिरिराज सिंह लागतार हमलावर रहते हुए केन्द्रीय मंत्री से इस्तीफा देने की बात भी कर रहे हैं। गिरिराज सिंह ने कहा है कि पीएम चाहेंगें तो वो इस्तीफा दे देंगें लेकिन बिहार की बदहाली पर वो चुप नहीं रह सकते।
