
मुखर संवाद के लिये अशोक कुमार की रिपोर्टः-
नयी दिल्ली/ रांची: बीजेपी जदयू में शामिल हुए निर्दलीय विधायक सरयू राय को सीट देने पर सहमत नहीं हुई है। एनडीए फोल्डर से टिकट मिलने की आशा में शामिल हुए सरयू राय को एनडीए गठबंधन में तगड़ा झटका लग सकता है। जदयू को बीजेपी झारखंड में जनाधार नहीं होने के कारण केवल दो सीटें ही देगा। वहीं आजसू को आठ सीटें देने पर सहमति बन चुकी है। झारखंड बीजेपी चुनाव समिति की बैठक आज देर शाम दिल्ली में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के आवास पर हुई। बैठक में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने भी झारखंड के चुनाव पर चर्चा की गयी। इस बैठक में विधानसभा चुनाव के लिए गठबंधन के तहत आजसू और जेडीयू को मिलने वाली सीटों पर भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने मुहर लगाई। केंद्रीय नेतृत्व ने आजसू को आठ सीट और जदयू को दो सीट देने पर सहमति जताई है। लोजपा को सीट दिए जाने पर कोई चर्चा नहीं हुई है। जमशेदपुर पूर्वी सीट पर बीजेपी का अपना प्रत्याशी मैदान में उतरेगा।
निर्दलीय विधायक और जदयू नेता सरयू राय के लिए एक बड़ा झटका होगा। भाजपा नेता प्रदेश से तीन नामों का पैनल लेकर दिल्ली गए थे। यहां केंद्रीय नेतृत्व के साथ बैठक में इन नामों पर चर्चा हुई। राजधानी रांची की सबसे महत्वपूर्ण मानी जाने वाली रांची सदर सीट पर दावेदारों की संख्या सबसे ज्यादा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने रांची के अलावा धनबाद, जमशेदपुर पश्चिम, बोकारो जैसी सीटों को जीतने पर जोर दिया। बीजेपी प्रदेश चुनाव सह प्रभारी और असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने राज्य की आदिवासी बहुल सीटों को लेकर प्रजेंटेशन दिया। आदिवासी आरक्षित सीटों पर पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन के बीजेपी में शामिल होने के बाद आदिवासी मतदाताओं में बीजेपी के प्रति बढ़े रुझान को बताया गया। बीजेपी दशहरा के बाद ही प्रत्याशियों की पहली लिस्ट जारी करेगी। बैठक में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी समेत प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी और संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह शामिल हुए।
