जनादेश समागम की पूरी हुई तैयारी, बाबूलाल फिर से चुनाव की तैयारी में जुटे

Jharkhand झारखण्ड देश
झारखंड विकास मोर्चा के अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी

रिपोर्टः- अशोक कुमार

रांची: झारखंड विकास मोर्चा के अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी एक बार फिर विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुट गये हैं। बाबूलाल विधानसभा चुनाव की तैयारी को लेकर पूरी तरह से महागठबंधन से अलग होकर अपनी ताकत दिखाने में जुटे हुए हैं। पूर्व सीएम एवं झाविमो प्रमुख बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झाविमो का जनादेश समागम की सारी तैयारियां पूरी कर ली गयी है। 25 सितंबर को प्रभात तारा मैदान में हर बूथ से पांच-पांच कार्यकर्ता इसमें शामिल होंगे। इसके माध्यम से पार्टी विधानसभा चुनाव का शंखनाद करेगी। यह बातें बाबूलाल मरांडी ने सोमवार को पार्टी कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान कही। उन्होंने कहा कि यह झाविमो का बड़ा राजनीतिक कार्यक्रम है, जो राज्य को नयी दिशा देगी। उन्होंने कहा कि झारखंड के नौजवानों के साथ सरकार अन्याय कर रही है। नेशनल स्टाफ सलेक्शन कमीशन का जहां आवेदन भरने का फीस 100 रुपए है जबकि राज्य स्टाफ सलेक्शन कमीशन की फीस 1000 रुपए है। यह झारखंड के बेरोजगारों के साथ खिलवाड़ है। एक तो उन्हें नौकरी नहीं मिल रही है, उपर से यह भारी-भरकम फीस गलत है। सरकार को इसे वापस करना चाहिए। उन्होंने कहा कि नौकरी के लिए आवेदन के साथ जाति एवं स्थानीय निवासी प्रमाण पत्र मांगा जा रहा है। जो बनने में काफी दिक्कतें हो रही है। जब फॉर्म में वे जाति एवं निवासी लिख ही रहे हैं तो आवेदन के समय इसे अनिवार्य नहीं किया जाना चाहिए। हां अगर वे सलेक्ट हो जाते हैं तो जांच के दौरान इसे मांगा जाए। एक सवाल के जवाब में बाबूलाल मरांडी ने कहा कि एचईसी की जमीन रैयतों की है। अगर अतिरिक्त जमीन जो कंपनी ने इस्तेमाल नहीं किया तो नैसर्गिक नियमों एवं केंद्रीय भूमि अधिग्रहण कानून के तहत उसे रैयतों को वापस कर देना चाहिए। न कि उसे बिक्री करके एवं लीज पर लेकर उसमें निर्माण कार्य कराना चाहिए। होटवार में भी स्पोर्टस कांप्लेक्स के नाम पर अतिरिक्त जमीन लिए गए। मगर वहां फ्लैट बना दिए गए, अब उसे भाड़े पर लगाया जाता है। यह कहां उचित है। उन्होंने एक अन्य सवाल के जवाब में कहा कि मॉब लिचिंग की घटना सरकार के शह पर हो रही है। अगर एक घटना के बाद दोषियों को कड़ी सजा मिल जाए तो दुबारा ऐसी घटना नहीं होगी। 25 सितंबर के जनादेश समागम में पार्टी के नए केंद्रीय अध्यक्ष का चुनाव किया जाएगा। इसके लिए नामांकन की अंतिम तिथि 24 सितंबर शाम चार बजे तक निर्धारित की गयी है। साढ़े चार बजे से 6 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच होगी और 25 को नए केंद्रीय अध्यक्ष का चुनाव होगा। बाबूलाल मरांडी विधानसभा चुनाव को लेकर फिर से संजीदगी से तैयारी में जुटे हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *