
मुखर संवाद के लिये शिल्पपी यादव की रिपोर्टः-
रांचीः अब सभी की निगाहें राज्य निर्वाचन आयोग पर टिकी हैं, जहां से आज दिन 2 बजे नगर निगम चुनाव की घोषणा की जा सकती है। झारखंड में लंबे समय से प्रतीक्षित नगर निगम चुनाव को लेकर आज बड़ी घोषणा सामने आ सकती है। राज्य निर्वाचन आयोग आज दोपहर दो बजे नगर निकाय चुनाव की तारीखों की घोषणा कर सकता है। मिली जानकारी के अनुसार राज्य निर्वाचन आयुक्त अलका तिवारी आज दोपहर 2 बजे इस संबंध में औपचारिक घोषणा कर सकती हैं। राज्य निर्वाचन आयोग ने आज दोपहर 2 बजे प्रेस वार्ता का आयोजन की है। निर्वाचन आयोग ने चुनाव की सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं। आरक्षण रोस्टर, मतदाता सूची का पुनरीक्षण और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े तकनीकी पहलुओं पर काम अंतिम चरण में है। ऐसे में आज अधिसूचना जारी होने की प्रबल संभावना जताई जा रही है।
यदि आज घोषणा होती है तो राज्य के नगर निगम, नगर परिषद और नगर पंचायत क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो जाएगी। इसके साथ ही राजनीतिक दलों की चुनावी गतिविधियां तेज हो जाएंगी। लंबे समय से स्थानीय निकाय चुनाव नहीं होने के कारण जनता में भी इसे लेकर उत्सुकता देखी जा रही है। गौरतलब है कि झारखंड में नगर निकाय चुनाव विभिन्न कानूनी और प्रशासनिक कारणों से टलते रहे हैं। आरक्षण से जुड़े मामलों और परिसीमन प्रक्रिया के चलते चुनाव में देरी हुई थी। हाल ही में इन अड़चनों के दूर होने के बाद निर्वाचन आयोग ने चुनाव की दिशा में तेजी दिखाई है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि नगर निगम चुनाव राज्य की राजनीति के लिए काफी अहम होंगे, क्योंकि इनके नतीजे आगामी विधानसभा चुनावों की दिशा और जनमत का संकेत दे सकते हैं।
