झारखंड में लोकसभा की पिच तैयार करने आ रहे हैं जे.पी. नड्डा, पार्टी नेताओं में सामंजस्य बिठाने का करेंगें काम

Jharkhand झारखण्ड देश राजनीति

मुखर संवाद के लिये शिल्पी यादव की रिपोर्टः-
रांची/ गिरिडीह : 2024 के लोकसभा चुनाव के लिये झारखंड में भाजपा की राजनीतिक पिच को तैयार करने का काम करने के लिये भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा पहुंच रहे हैं। जे.पी. नड्डा भाजपा की 14 सीटों पर जीत कैसे हो इसकी तैयारियों का निर्देश देने के साथ भाजपा कार्यकर्ताओं में उर्जा भरने का काम करेंगें। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा 22-23 जून को झारखंड और ओडिशा के दौरे पर रहेंगे। अपने इस दो दिवसीय दौरे के दौरान भाजपा अध्यक्ष रैलियों के जरिए झारखंड की हेमंत सोरेन और ओडिशा की नवीन पटनायक सरकार को घेरेंगे। साथ ही केंद्र में मोदी सरकार की 9 साल की उपलब्धियों के बारे में भी बताएंगे। नड्डा दोनों राज्यों के इस दो दिवसीय दौरे के दौरान कई सार्वजनिक और संगठनात्मक कार्यक्रमों में भाग लेंगे। पार्टी के राष्ट्रव्यापी संपर्क से समर्थन अभियान के तहत विभिन्न गणमान्य व्यक्तियों, प्रभावशाली परिवारों से मुलाकात करेंगे। वह इस दौरान दो जनसभाओं को भी संबोधित करेंगे और पार्टी कार्यकर्ताओं से बातचीत सहित कई सांगठनिक बैठक कर आगामी चुनाव की रणनीति पर भी चर्चा करेंगे।

भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी ने नड्डा के दो दिवसीय दौरे को लेकर बयान जारी करके बताया कि भाजपा अध्यक्ष 22 जून से झारखंड और ओडिशा के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। जहां वे कई सार्वजनिक और संगठनात्मक कार्यक्रमों में भाग लेंगे। वह पार्टी के संपर्क से समर्थन अभियान के तहत झारखंड और ओडिशा की विभिन्न विशिष्ट हस्तियों से मुलाकात करेंगे और साथ ही झारखंड और ओडिशा में जनसभाओं को भी संबोधित करेंगे। भाजपा अध्यक्ष नड्डा 22 जून, गुरुवार को सुबह 11ः20 बजे बिरसा मुंडा एयरपोर्ट, रांची पहुंचेंगे, जहां पार्टी के वरिष्ठ नेताओं द्वारा उनका स्वागत किया जाएगा। वह दोपहर 12ः25 बजे झंडा मैदान, गिरिडीह पहुंचकर एक मेगा जनसभा को संबोधित करेंगे। रैली को संबोधित करने के बाद वे दोपहर 2ः20 बजे पार्टी के संपर्क से समर्थन अभियान के तहत गिरिडीह में अंतर्राष्ट्रीय सरोद वादक मोर और मुकुट केडिया से उनके आवास पर जाकर मुलाकात करेंगे। दोपहर 02ः45 बजे नड्डा जिला परिषद चौक, गिरिडीह में स्वर्गीय रीतलाल वर्मा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। स्वर्गीय रीतलाल वर्मा पार्टी के वरिष्ठ नेता और लोकसभा सांसद थे, जिन्होंने संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इसके बाद जेपी नड्डा ओडिशा के लिए रवाना हो जाएंगेदीपक प्रकाश का कार्यकाल समाप्त हो चुका है। पहले कयास लगाया जा रहा था कि सचिवालय घेराव कार्यक्रम के बाद नए प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा कर दी जाएगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। दीपक प्रकाश के करीबी नेताओं का कहना है कि बदलाव की संभावना कम है। उधर प्रदेश अध्यक्ष की रेस में लगे नेताओं के समर्थकों का दावा है कि परिवर्तन तय है। जल्द ही इसकी घोषणा कर दी जाएगी। फिलहाल सबकी नजर राष्ट्रीय अध्यक्ष की जनसभा पर है। संगठन के महा जनसंपर्क अभियान के दौरान पूरे प्रदेश में सफलता पूर्वक चल रहे कार्यक्रमों के बीच सचिवालय घेराव कार्यक्रम को नेतृत्व की कामयाबी के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि नेताओं का एक खेमा दिल्ली में इसकी वकालत कर रहा है कि किसी तेजतर्रार नेता को प्रदेश अध्यक्ष पद सौंपा जाए। बदलाव की स्थिति में प्रमुख नेताओं की पसंद का पूरा ख्याल रखे जाने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *