झारखंड विधानसभा चुनाव की आज शाम 4:30 बजे चुनाव आयोग कर सकता है घोषणा

Jharkhand झारखण्ड देश

रिपोर्टः- अशोक कुमार

रांची: झारखंड विधानसभा चुनाव का बिगूल बजने वाला है और निर्वाचन आयोग ने इसकी पूरी तैयारी कर ली है। आज निकेन्द्रीय चुनाव आयोग की ओर से इसकी औपचारिक घोषणा शाम 4 बजकर 30 मिनट पर की जायेगीं। निर्वाचन आयोग आज झारखंड विधानसभा चुनाव 2019 की तिथियों का एलान कर सकता है। सूत्रों के अनुसार ,निर्वाचन आयोग ने तारीखों के एलान को लेकर सारी तैयारियां पूरी कर ली है। हाल ही में केंद्र की ओर से राज्य में शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र बल के 9000 जवानों की तैनाती के आदेश जारी कर दिए गए थे। केंद्रीय गृह मंत्रालय के आदेश के मुताबिक, झारखंड चुनाव के लिए केंद्र और राज्य के सशस्त्र बलों की 90 टुकड़‍ियां तैनाती की जाएंगी। सूत्रों ने बताया कि इन टुकड़ि‍यों में से अधिकांश की तैनाती नक्सल प्रभावित इलाकों में होगी। झारखंड में कुल 81 विधानसभा सीटें हैं और राज्‍य की विधानसभा का कार्यकाल पांच जनवरी 2020 को पूरा हो रहा है। इससे पहले नई सरकार का गठन होना है। चुनाव की तिथियों की घोषणा के साथ झारखंड में चुनाव आचार संहिता लागू हो जाएगी। भाजपा ने इस बार राज्‍य में मिशन-65 प्लस का टारगेट रखा है। 2014 के विधानसभा चुनाव में भाजपा 31.3 फीसद मतों के साथ 37 सीटों पर जीत दर्ज करने में कामयाब हुई थी। वहीं भाजपा की सहयोगी आजसू 3.7 फीसद मतों के साथ पांच सीटों पर विजयी हुई थी। इसके अलावा झारखंड मुक्‍त‍ि मोर्चा (जेएमएम) 20.4 फीसद मतों के साथ 19 सीटें, कांग्रेस 10.5 फीसद मतों के साथ सात सीटें और जेवीएम 10 फीसद मत के साथ आठ सीटों पर जीत दर्ज की थी। हालांकि, चुनावों के बाद जेवीएम के छह विधायक भाजपा के खेमे में चले गए थे। झारखंड विधानसभा चुनाव में 2,26,17,612 मतदाता राज्य के 81 विधायक चुनेंगे। राज्य में कुल 1,18,16,098 पुरुष वोटर हैं। वहीं, महिला मतदाताओं की संख्या 1,08,01,274 है। 240 मतदाता थर्ड जेंडर के हैं। जनवरी-2019 में जारी मतदाता सूची के अनुसार राज्य में जहां कुल वोटर 2,19,81,172 थे, वहीं आठ माह में यह संख्या 6 लाख 36 हजार बढ़ी है। निर्वाचन आयोग ने चुनावों में आयकर विभाग में तैनात भारतीय राजस्व सेवा के 34 अधिकारियों को भी झारखंड में तैनाती के आदेश दिए हैं। ये सभी अधिकारी 81 सीटों पर होने वाले चुनाव खर्च का आकलन करेंगे। यही नहीं इन अधिकारियों पर चुनावों के दौरान मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए धन बल के इस्‍तेमाल को रोकने की भी जिम्मेदारी होगी। सुरक्षा बलों की टुकड़‍ियों में बीएसएफ की 15, आईटीबीपी की 13, सीआरपीएफ की 12 और सीआईएसएफ, एसएसबी, आरपीएफ की 10-10 टुकड़‍ियां शामिल हैं। इनमें 20 टुकड़‍ियां झारखंड पुलिस और राज्य सशस्त्र बलों की होंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *