झाविमो ने महागठबंधन पर दबाव बनाने के लिये प्रत्याशियों के चयन की समिति बनायी

Jharkhand झारखण्ड

रिपोर्टः- अशोक कुमार

रांची: झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर प्रत्याशियों के चयन समिति के गठन के साथ ही झारखंड विकास मोर्चा ने अलग चुनाव लड़ने के संकेत दे दिये हैं। झाविमो अकेले चुनाव लड़कर अपनी पार्टी का जनाधार बढ़ाना चाहती है और महागठबंधन और एनडीए से छिटके प्रत्याशियों को लेकर झाविमो अपने टिकट से लड़ाने का इरादा रखती है। चुनाव आयोग की ओर से अधिसूचना जारी होने के साथ ही झारखंड विकास मोर्चा पूरी तरह से तैयारी में जूट गयी है। झारखंड विकास मोर्चा ने प्रत्याशियों के चयन के लिए समिति गठित की है। चार नवंबर यानि सोमवार को समिति के जिला प्रभारियों की बैठक बुलाई है। इसमें प्रत्याशी चयन के मुद्दे पर चर्चा की जाएगी। योग्य उम्मीदवारों की सूची 10 नवंबर तक तलब की गई है। इधर, कहा जा रहा है कि पार्टी सभी 81 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। इससे पूर्व चुनाव के तारीखों की घोषणा के बाद झाविमो सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी ने कहा था कि वे महागठबंधन के खिलाफ कभी नहीं रहे है। चुनाव की घोषणा के बाद अब सब कुछ जल्द स्पष्ट हो जाना चाहिए। पार्टी सही समय पर अपने निर्णयों की जानकारी सार्वजनिक करेगी। यह पूछने पर की क्या झाविमो सभी 81 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगा। उन्होंने कहा कि गठबंधन में शामिल सभी पार्टियां जब एक-दूसरे का साथ देने की बात करती है तो निश्चित तौर पर उनकी तैयारी सभी 81 सीटों पर ही होती है। हमारी पार्टी झारखंड की जनता के साथ गठबंधन कर चुनाव लड़ेगी। वहीं अभी भी महागठबंधन झाविमो को लेकर गंभीर है और प्रत्याशियों की सूची को लेकर अब कमेटी बनाने के संकेत से उसके तेवर भी दिखाई दे रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *