डायन के आरोप में कुल्हाड़ी से काट दिया चाची का गला, थाने में किया सरेंडर खूंटी: तोरपा थाना क्षेत्र के होटोर गांव में डायन बिसाही के आरोप में एक भतीजे ने अपनी चाची की टांगी से काटकर हत्या कर दी। आरोपी ओंदा भेंगरा अपनी चाची सुषना भेंगरा (50वर्ष) को मारने के बाद थाना में आत्मसमर्पण कर दिया। बताया जाता है कि माधो भेंगरा की पत्नी सुषना भेंगरा घर के अंदर सो रही थी। रात 10 बजे आरोपी हड़िया पीकर चाची के कमरे में गया और टांगी से गर्दन पर कई वार कर दिया। ग्रामीण घायल अवस्था में उसे तोरपा रेफरल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। सदर अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। इधर आरोपी ओंदा भेंगरा तोरपा थाना पहुंचकर सरेंडर कर दिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त टांगी बरामद कर ली। ओंदा भेंगरा के बेटे दिलीप भेंगरा (नौ वर्ष) की 15 दिन पहले बीमारी से मौत हो गई थी। ओंदा ने कहा कि उसकी चाची ने डायन बिसाही कर उसके बेटे को मार डाला। ओंदा के अनुसार सुषना बोली थी एक को मार डाला है और दूसरे को भी मार डालूंगी। इसके बाद चाची उसके दूसरे बेटे को भी नहीं मार दे, इसलिए उसकी हत्या कर दी। हालांकि ग्रामीणों ने उसे समझाया था कि उसके बेटे की मौत बीमारी से हुई है। वह डायन के अंधविश्वास में नहीं पड़े।

