
रांची के रिम्स से विशु विशाल की रिपोर्टः-
रांची: दिल्ली में बीजेपी को हार मिलने के बाद अब बिहार में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव के अंदर भी उत्साह मिलता हुआ दिखाई दे रहा है। तेजस्वी यादव ने कहा है कि बिहार मं भी दिल्ली की हवा चलेगी। दिल्ली से चलनेवाली हवा अब बिहार पहुंचगी और बिहार में महागठबंधन की सरकार बनेगी। बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव बुधवार दोपहर अपने पिता लालू प्रसाद से रिम्स में मिले। मुलाकात के बाद रिम्स के बाहर मीडिया से बातचीत में तेजस्वी यादव ने कहा कि पिता लालू प्रसाद की तबीयत ठीक नहीं है। उन्हें बेहतर इलाज की जरूरत है। केंद्र सरकार पर बरसते हुए राजद नेता ने कहा कि भाजपा ने रोजगार छीनने का काम किया है। भाजपा सरकार में किसान त्रस्त है। बिहार में भी लोगों को बड़ी उम्मीद थी। डबल इंजन की सरकार से जनता को बड़े विकास की उम्मीद थी। आयुष्मान योजना में एक पैसा नहीं मिला। दिल्ली चुनाव परिणाम से बिहार के लोग खुश हैं। बिहार के लोग भाजपा को बड़ी पटखनी देने का काम करेंगे। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव रिम्स में इलाजरत हैं। वे चारा घोटाला के 4 मामले में सजायाफ्ता हैं। लालू प्रसाद से मुलाकात के लिए शनिवार का दिन निर्धारित है। लेकिन जेल प्रबंधन से विशेष अनुमति लेकर लालू प्रसाद से मुलाकात किया जा सकता है। तेजस्वी यादव विशेष अनुमति लेकर अपने पिता से मिलने रिम्स पहुंचे हैं। बताया जा रहा है कि तेजस्वी यादव वर्तमान राजनीतिक हालातों पर अपने पिता लालू से चर्चा करेंगे। इसी वर्ष बिहार में विधानसभा चुनाव होना है। झारखंड और दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा को मिली हार के बाद विपक्षी दलों के हौसले बुलंद हैं। राजद बिहार में भी सरकार बनाने का दावा ठोक रहा है। बिहार में राजद अपने दम पर ही नहीं बल्कि महागठबंधन के मजबूत होने के दावे के साथ सरकार गठन के दावे कर रहे हैं।
