

पटना से श्यामल यादव की रिपोर्टः-
पटन: बिहार की राजनीति में सर्दी के मौसम में भी गर्मी आ गयी है। बिहार में कड़ाके की ठंड के बीच सीएम नीतीश कुमार के मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर सियासी पारा चरम पर है। इस बीच प्रतीत हो रहा है कि बहुप्रतीक्षित मंत्रिमंडल विस्तार जल्द होगा । भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व ने बिहार में कैबिनेट विस्तार के लिए भावी मंत्रियों की सूची तलब की है। चर्चा है कि आज नीतीश कैबिनेट में भाजपा कोटे के शामिल होने वाले नये मंत्रियों के नाम पर अंतिम मुहर लग जाएगी। इसके बाद एक-दो दिनों के अंदर ही कैबिनेट विस्तार हो जाएगा। बिहार भाजपा अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल और संगठन महामंत्री नागेंद्र नाथ कल शाम दिल्ली गए। भाजपा के शीर्ष नेतृत्व की मुहर के बाद नये मंत्रियों के नाम की सूची उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद और भाजपा अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सौंप देंगे। भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के अनुसार दो-तीन दिन के अंदर कैबिनेट विस्तार प्रस्तावित है। हालांकि अंतिम रूप से तारीख तय नहीं हैं। अहम यह है कि अभी यह भी तय नहीं हुआ है कि भाजपा और जदयू से कितने-कितने नये मंत्री कैबिनेट में शामिल होंगे।अनुभवी के बाद अब भाजपा युवा नेताओं को सरकार में नेतृत्व देकर निखारेगी। हालांकि कैबिनेट विस्तार के कुछ वरिष्ठ नेताओं को मौका मिल सकता है। भाजपा कोटे से राज्यपाल के मनोनयन कोटे वाले एमएलसी प्रत्याशियों के नाम पर भी पार्टी निर्णय कर सकती है।
भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने ऐसे नेताओं की सूची पार्टी के प्रदेश नेतृत्व से मांगी है। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन और विकासशील इंसान पार्टी के अध्यक्ष तथा बिहार सरकार के मंत्री मुकेश सहनी बिहार विधान परिषद् में निर्विरोध प्रवेश कर रहे हैं। सोमवार को 2 बजे तक एमएलसी की दो सीटों के लिए नामांकन का समय था, लेकिन इन दोनों के अलावा न तो विपक्ष ने कोई प्रत्याशी दिया और न ही प्रक्रिया को लटकाने के लिए किसी निर्दलीय ने ही पर्चा दाखिल किया। अब मंगलवार को दोनों के नामांकन पर्चे की स्क्रूटनी के बाद इनके चुने जाने की औपचारिक घोषणा होगी। महागठबंधन के पास बहुमत 122 से 3 सीटें ज्यादा होने के कारण विपक्ष ने प्रत्याशी नहीं दिया। सोमवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार खुद इन दोनों का पर्चा दाखिल कराने के लिए पहुंचे थे। उधर नामांकन के बाद भाजपा और जदयू में कई मुद्दों पर समझौता हो गया है, तभी तो कैबिनेट विस्तार का रास्ता साफ हो गया है। सीएम नीतीश ने कहा कि अब जल्द ही कैबिनेट विस्तार होगा। इसे लेकर पहले खबर आई कि मंगलवार को ही राजभवन में शपथग्रहण होना है। हालांकि कुछ मामलों पर पेंच अभी भी फंसा है। इसलिए आज शाम जदयू कार्यालय में आये नीतीश ने कहा कि यह कल नहीं होगा।
