
रांची. राजधानी रांची सहित पूरे प्रदेश में अपराधियों के हौसले बढ़ते ही जा रहे हैं। इन दिनों सूबे के अपराधियों में पुलिस का खौफ मन से बाहर निकल गया है। वहीं ानबाद में बाइक सवार अपराधियों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया। रांची में अपराधियों ने व्यवसायी से 12.50 लाख रुपए जबकि धनबाद में पेट्रोल पंप कर्मी से 5.36 लाख रुपए की लूट की वारदात को अंजाम दिया है। दोनों ही मामलों में पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है। रांची की घटना खेलगांव थाना क्षेत्र की है। मुर्गीदाना व्यवसायी ने पुलिस को बताया कि बाइक सवार अपराधियों ने उनसे 12.50 लाख रुपए की लूट की घटना को अंजाम दिया है। घटना के बाद व्यवसायी थाना पहुंचे और पुलिस को इसकी जानकारी दी। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि बाइक सवार अपराधियों ने लालगंज पुल के पास बंदूक की नोक पर उससे लूट की वारदात को अंजाम दिया। उसने बताया कि लूट का विरोध करने पर अपराधियों ने उसके साथ मारपीट भी की। इस दौरान पीड़ित व्यवसायी के सिर में चोट भी आई है। उधर, घटना की सूचना के बाद सिटी एसपी सुजाता वीणापानी और सदर डीएसपी जांच पड़ताल में जुट गए। फिलहाल पुलिस के गिरफ्त से अपराधी बाहर हैं और पुलिस अनुसंधान में जुटी हुई है।
