
रांची से अशोक कुमार की रिपोर्टः-
रांची: जब बाबूलाल मरांडी भाजपा का कमल खिलाने के लिये कल भाजपा का दामन थामेंगे तो वहीं प्रदीप यादव और बंधू तिर्की कांग्रेस के हाथ को मजबूत करने दिल्ली में कांग्रेस के आलानेताओं से मुलाकात करेंगे। झारखंड विकास मोर्चा से निष्कासित विधायक बंधु तिर्की और प्रदीप यादव ने झाविमो के कांग्रेस में विलय की घोषणा की है।
दूसरी ओर बाबूलाल मरांडी के समर्थकों ने आलोचना करते हुए कहा है कि बंधू और प्रदीप यादव का झाविमो से कोई संबंध नहीं है और दोनों विधायक बैठक करके जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं जो सफल नहीं होंगें। पार्टी के महासचिव अभय सिंह ने कहा है कि दोनेां विधायकों की मंशा लोकतंत्र के खिलाफ है।
रविवार को बंधु तिर्की के बन्हौरा आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में दोनों नेताओं ने यह घोषणा की। पार्टी और विधायक दल के कांग्रेस में विलय की घोषणा की गई है। बंधु तिर्की ने कहा कि इसकी सूचना जल्द ही कांग्रेस आलाकमान को दी जाएगी। साथ ही विलय के लिए कार्यक्रम तय किया जा रहा है। रांची के एक बड़े मैदान में समारोह आयोजित कर कांग्रेस में विलय किया जाएगा।
झाविमो से निष्कासित विधायक बंधु तिर्की ने कहा है कि वे कार्यकर्ताओं के परामर्श से ही पार्टी बदलेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में शामिल होने को लेकर सोनिया गांधी-राहुल गांधी से बात हुई है। रांची स्थित अपने आवास पर अपने अगले राजनीतिक कदम की घोषणा को लेकर बुलाए गए बैठक के बाद प्रेस वार्ता में बंधु तिर्की ने कहा कि वे अपने समर्थकों से राय लेकर ही किसी पार्टी में शामिल होंगे। प्रेस वार्ता में पोड़ैयाहाट विधायक और झाविमो से निष्कासित प्रदीप यादव तथा पूर्व मंत्री सबा अहमद भी मौजूद रहे। दूसरी ओर, प्रदीप यादव ने कहा कि हम लोग झारखंड विकास मोर्चा में जमीन के लुटेरों के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे थे। जिन लोगों ने दिल्ली और मुंबई के व्यवसायियों को ग्रामीणों की जमीन दे दी, उस पार्टी में कैसे जाएं। सोनिया और राहुल गांधी ने कहा है कि आप की लड़ाई में हमारा साथ मिलेगा। हमने एक हाथ बढ़ा दिया है और दूसरा हाथ बढ़ेगा जब आप हां कहेंगे। इस दौरान बंधु तिर्की के आवास में झारखंड विकास मोर्चा के कार्यकर्ताओं की भीड़ जमी रही। जनवरी में ही प्रदीप यादव व बंधु तिर्की ने दिल्ली में सोनिया गांधी और राहुल गांधी से मुलाकात की थी। दोनों नेताओं के मुलाकात की खबरों के बाद उसी दिन से उनके कांग्रेस में शामिल होने की चर्चा तेज हो गई थी। बंधु तिर्की और प्रदीप यादव के कांग्रेस में शामिल होने से पार्टी के 16 विधायकों की संख्या बढ़कर 18 हो गई है। रविवार को बंधु तिर्की के आवास पर आयोजित बैठक में झाविमो का वो गुट शामिल हुआ, जो बाबूलाल मरांडी के साथ भाजपा में नहीं जाना चाहता है। बंधु तिर्की के अनुसार, वो जल्द ही कांग्रेस आलाकमान के साथ बैठक कर विलय की तिथि की घोषणा कर देंगे। बताते चलें किसी भी दल के विधायकों का दूसरे दल में शामिल होने के लिए कुल विधायकों का दो-तिहाई संख्या आवश्यक होती है। ऐसे में बंधु तिर्की और प्रदीप यादव मजबूत नजर आ रहे हैं। मालूम हो कि झाविमो के बाबूलाल समेत 3 ही विधायक हैं।
