
नेचुरल गैस पाइपलाइन परियोजना
रिपेार्ट- अशोक कुमार
रांची: झारखंड के लिये प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जिस वादे को झारखंडी जनता से किया था वह आज पूरा होता हुआ नजर आ रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2018 में पाइप लाइन के जरिये रसोई गैस आपूर्ति करने का वादा झारखंड की जनता से किया था। वह आज पूरा हाने लगा है। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि आधुनिक झारखंड के निर्माण में नेचुरल गैस पाइपलाइन परियोजना मिल का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार देश और राज्य की महिलाओं को धुआं मुक्त रसोई घर उपलब्ध कराने हेतु उज्ज्वला योजना का शुभारंभ कर मुफ्त में गैस उपलब्ध कराया गया। उस प्रकार लोगों को गैस सिलेंडर से मुक्ति प्रदान करने के लिए पाइपलाइन से गैस आपूर्ति घर-घर तक करने की योजना पर कार्य शुरू हो चुका है। इस अवसर पर सीएम रघुवर दास, केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और केंद्रीय जनजातीय विभाग के मंत्री अर्जुन मुंडा ने 75 करोड़ की लागत से बनने वाले गेल रांची कार्यालय भवन, हरमुमुक्ति धाम में प्राकृतिक गैस आधारित शवदाहगृह का शिलान्यास किया और रांची शहरी गैस वितरण परियोजना के तहत डीकंप्रेशन यूनिट का किया उद्घाटन किया। अब रांची शहर के 3000 घरों में पीएनजी की पाइप लाइन से आपूर्ति शुरू हो गई। सरकार का लक्ष्य है कि अगले पांच साल में 5.69 लाख घर, 29.14 लाख आबादी, 5100 किमी पाइपलाइन, 11 सीएनजी स्टेशन और 61 औद्योगिक यूनिट तैयार किया जाए।
सीएम रघुवर दास ने कहा कि 25 मई 2018 प्रधानमंत्री ने रांची शहरी गैस परियोजना का शिलान्यास किया था। अब करीब 15 महीने बाद सरकार रांची के घरेलू उपभोक्ताओं को पाइपलाइन के माध्यम से पाइप्ड नेचुरल गैस उनके घरों तक पहुंचाने में कामयाब रही। साथ ही गेल के दो सीएनजी स्टेशन खुखरी, डोरंडा एवं मधुबन विहार ओरमांझी में शुरुआत की गई। उन्होंने कहा कि उज्जवला योजना के तहत चाईबासा के चार जिलों की बहनों को शुक्रवार से ही दूसरा रिफिल दिया जा रहा है। अब तक राज्य की 30 लाख से अधिक बहनों को उज्जवला योजना से लाभान्वित किया गया है। 30 सितंबर तक 10 लाख और बहनों को इस योजना से लाभान्वित करना है। इस अवसर पर केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस तथा इस्पात मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि झारखंड के 13 जिलों में लगभग 250 नई सीएनजी स्टेशन बनेंगे। पाइप लाइन के जरिए रसोई गैस शहर से गांव की ओर ले जाया जाएगा। उन्होंने कहा कि बहुत जल्द ही सिंदरी कारखाना भी खुल रहा है। बोकारो स्टील सिटी और जमशेदपुर के प्लांट में भी पाइप लाइन के माध्यम से इंधन पहुंचाने का कार्य केंद्र एवं राज्य सरकार करेगी। उन्होंने कहा कि चतरा में भी इस्पात कारखाना खुलेगा यहां भी पाइप लाइन के माध्यम से ही इंधन पहुंचाया जाएगा। पेट्रोलियम मंत्रालय झारखंड में इंधन के विस्तार के लिए 4500 करोड़ रुपए खर्च कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में कई प्रोसेसिंग प्लांट में पाइप लाइन के जरिए इंधन पहुंचाने की योजना बनाई गई है। इस अवसर पर केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि रांची शहरी गैस वितरण परियोजना के शुभारंभ होने से आमजनों और महिलाओं को काफी सुविधा होगी। इस परियोजना के कार्यान्वयन से रांची को नई पहचान मिली है। मेट्रो सिटी के तर्ज पर रांची में भी पाइप लाइन से गैस उपलब्ध होना प्रारंभ हुआ है। यह सब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सकारात्मक विजन के कारण ही संभव हुआ है। पाइप लाइन के माध्यम से रसोई गैस मिलने से लोगों का समय भी बचेगा और कीमती समय लोग राष्ट्रहित में बिताएंगे ताकि देश सशक्त और समृद्धशाली हो सके।
