
मुखर संवाद के लिये शिल्पी यादव की रिपोर्टः-
रांची : झारखंड की बेटी अष्टम उरांव करेगी भारतीय महिला फुटबॉल टीम की कप्तानी फीफा विश्व कप अंडर-17 2022 में करेगी। यह पल झारखंडवासियो के लिये गर्व का विषय है। फीफा विश्व कप अंडर-17 के लिए भारतीय महिला फुटबॉल टीम की घोषणा की जा चुकी है। जिसमें झारखंड के गुमला जिले के बिशुनपुर प्रखंड के बनारी गोररा टोली की रहने वाली अष्टम उरांव को राष्ट्रीय महिला फुटबॉल टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है। इसे लेकर परिजन सहित पूरे बिशुनपुर प्रखंड में खुशी की लहर छा गई है। राष्ट्रीय टीम के कप्तान अष्टम उरांव के पिता हीरालाल उराव ने कहा कि आज मुझे अपनी बेटी पर बहुत गर्व है। जो पूरे दुनिया में अपने प्रतिभा के दम पर नाम रौशन कर रही है।
अष्टम उरांव के पिता ने बताया कि गरीबी के कारण किसी प्रकार वह अपने बच्चों का शिक्षा दिया। लगन और मेहनत के बल पर उसने मुकाम पाया है। बिशुनपुर जैसे जगहों में खेल का कोई सुविधा नहीं होने के बावजूद वह आज भारतीय महिला टीम की कप्तान बन गई। इससे मुझे काफी गर्व महसूस हो रहा है।वहीं अष्टम उराव की मां तारा देवी ने बताया कि अष्टम शुरू से ही एक जुझारू बच्ची है, वह जिस काम को ठान लेती है उसे पूरे मन के साथ करती है। यही वजह है कि आज वह इस मुकाम तक पहुंच पाई है। उन्होंने कहा कि मैं अपने सभी बच्चों को माड़ भात खिला खिला कर परवरिश की हूं। अभाव में भी बच्ची ने अपनी मेहनत और लगन से मुकाम हासिल किया है। इस मौके पर अष्टम उरांव को बधाई देते हुए राजसभा सांसद समीर उरांव ने कहा कि अष्टम उरांव का कप्तान बनना बिशुनपुर सहित पूरे झारखंड राज्य के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि खेल के क्षेत्र में झारखंड का डंका पूरे विश्व में बज रहा है। क्रिकेट की दुनिया में झारखंड के महेंद्र सिंह धोनी ने अपने कप्तानी में कई विश्वकप दिलाएं। वहीं अब बिशुनपुर की बेटी अष्टम उरांव ने महिला अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल टीम की कप्तान बनकर निश्चित ही वर्ल्ड कप जीत कर आएगी। सभी की ओर से बधाई मिलने के साथ ही झारखंड की बेटी को फुटबॉल प्रतियोगिता में सफलता मिलने की संभावना जतायी जा रही है।
