रामगढ़: आरपीएफ जवान की ओर से गोली चलाये जाने से एक ही परिवार के कई लोग मौत के आगोश में समा गये तो वहीं जनता पुलिस के रवैये के विरोध में सड़कों पर उतरकर अपना प्रतिवाद दिखायी दी है। बरकाकाना के गांधीनगर रेलवे कॉलोनी में ट्रिपल मर्डर की घटना को लेकर रविवार को लोग आक्रोशित हो उठे। आरोपी आरपीएफ जवान पवन कुमार सिंह की गिरफ्तारी की मांग को लेकर लोगों ने पतरातू-रामगढ़ मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। इससे बरकाकाना स्टेशन पहुंचने वाले लोगों को खासा परेशान होना पड़ा। वहीं, लोगों ने रेलवे ट्रैक भी जाम कर दिया। लोगों ने सड़क पर टायर जला अपने गुस्से का इजहार किया। पुलिस लोगों को समझाने के प्रयास में जुटी हुई है। शनिवार की रात आरपीएफ जवान पवन कुमार सिंह ने रेलकर्मी अशोक राम के घर में घुसकर कार्बाइन से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी। गोली लगने से रेलकर्मी अशोक राम ,उसकी पत्नी लीलावती देवी और गर्भवती बेटी मीना देवी की मौत हो गई। बेटी सुमन देवी, और बेटे संजय राम को गंभीर हालत में रिम्स रांची भेजा गया है। घर में मौजूद बेटी प्रियंका कुमारी और बेटा बिट्टु मौका पाकर दूसरे कमरे में जाकर छिप गए थे। रेलकर्मी का परिवार गाय पालकर दूध बेचने का काम भी करता था। आरोपी जवान इनसे दूध लेता था, लेकिन पैसे नहीं देने के कारण 25 दिन पहले उसे दूध देना बंद कर दिया था। बताया जाता है कि इसी गुस्से में उसने यह कदम उठाया। रेलवे कॉलोनी में जवान पवन कुमार सिंह और रेलकर्मी अशोक राम का क्वार्टर आसपास है। इधर, आक्रोशित परिजन और लोगों ने रात में भी रांची रोड पर मुख्य सड़क जाम कर दिया था। ये लोग आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हैं। अशोक राम भुरकुंडा स्टेशन पर पोर्टर का काम करते थे। पत्नी लीला देवी रामगढ़ डीसी कार्यालय में आउट सोर्स पर फोर्थ ग्रेड कर्मचारी थी। रेलकर्मी अशोक राम की बेटी प्रियंका ने बताया- शनिवार रात करीब 8 बजे आरपीएफ जवान पवन सिंह घर में घुसा। उसने कोई बातचीत नहीं की। सीधे गोलियां चलाने लगा। उसकी गोली से माता-पिता भाई-बहन गंभीर रूप से घायल हो गए। गोलीबारी करने के बाद वह भाग निकला। हमलोग दूध का कारोबार करते हैं। आरपीएफ जवान पवन सिंह भी मेरे यहां से दूध लेता था। वह समय पर पैसा नहीं देता था। इसलिए 25 दिन पहले उसे दूध देना बंद कर दिया था। इस कारण उसने घटना को अंजाम दिया। आरोपी कुछ दिनों पहले ही रेलवे कॉलोनी में रहने आया है। हमें आभास ही नहीं था कि इतनी छोटी बात के लिए वह हमारा परिवार बर्बाद कर देगा।
