भगवान बिरसा की मूर्ति के क्षतिग्रस्त होने से तनाव और आदिवासी संगठनों ने कल बुलाया बंद

Jharkhand झारखण्ड

रिपोर्ट- अशोक कुमार

रांची: भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने की सूचना पर आदिवासी समाज के लोग आक्रोशित हो गये हैं। आदिवासी समाज के लोगों ने शनिवार (15 जून) को रांची बंद का आह्वान किया है। राजधानी रांची के कोकर स्थित बिरसा के समाधि स्थल पर बनी बिरसा मुंडा की प्रतिमा का बायां हाथ टूट गया है, जिसमें धनुष था. जैसे ही यह सूचना मिली, आदिवासी समाज से जुड़े संगठनों ने हंगामा कर दिया। हालांकि, बिरसा मुंडा की प्रतिमा के क्षतिग्रस्त होने की वजह का पता नहीं चल पाया है, लेकिन संगठनों को आशंका है कि किसी ने साजिश के तहत प्रतिमा को खंडित किया है। समाधि स्थल के केयरटेकर को भी प्रतिमा के क्षतिग्रस्त होने की वजह की स्पष्ट जानकारी नहीं है. सूचना मिलने के बाद पुलिस, प्रशासन और रांची नगर निगम ी मेयर और अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। समाधि स्‍थल के पास राजनीतिक दलों के साथ-साथ सामाजिक संगठनों के लोग भी जुटने लगे. झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेता अंतू तिर्की और आदिवासी सामाजिक संगठन के लोग मौके पर पहुंचे और समाधि स्थल पर विरोध-प्रदर्शन किया. सभी ने एक स्वर में समाधि स्थल की देखरेख करने वाले तीनों गार्डों को हटाने की मांग की है। प्रशासन का मानना है कि मूर्ति पुरानी हो चुकी है, इसलिए कमजोर हो गयी है और आंधी-तूफान में टूट गयी. लेकिन, आदिवासी समाज के लोग इस तर्क को मानने के लिए तैयार नहीं हैं. सिटी एसपी सुजाता वीणापाणी भी समाधि स्थल पहुंचीं. पुलिस प्रशासन ने लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन लोग उनकी बात सुनने के लिए तैयार नहीं थे। वहीं भगवान बिरसा मुंडा की मूर्ति क्षतिग्रस्त होने के मामले में मुख्यमंत्री रघुवर दास ने मामले के जांच और दोषियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने प्रतिमा के तुरंत मरम्मत के भी निर्देश दिए हैं। शनिवार सुबह मूर्ति के क्षतिग्रस्त होने की सूचना के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। प्रशासन की टीम का कहना है कि बीती रात तेज हवा के चलते मूर्ति क्षतिग्रस्त हुई है। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच पड़ताल में जुट गई है। उधर, मूर्ति के क्षतिग्रस्त होने से नाराज सामाजिक संगठनों और विपक्षी पार्टियों ने शनिवार को बंद बुलाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *