
मुखर संवाद के लिये शिल्पी यादव की रिपोर्टः-
बारबाडोस: भारत ने बारबाडोस में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ एक तरह से हारी हुई बाजी जीत ली और वर्ल्ड कप भारत ले आए। एक समय ऐसा लग रहा था कि भारत वनडे वर्ल्ड कप हारने के 9 महीने के अंदर टी20 वर्ल्ड कप भी हारने वाला है, लेकिन जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पांडया ने मैच में भारत की वापसी करा दी। सूर्यकुमार यादव के योगदान को कोई नहीं भूल सकता। उन्होंने बाउंड्री पर जिस अंदाज में डेविड मिलर का कैच पकड़ा, वह अद्भुत था। उनकी इस कैच ने मैच का रुख बदल दिया. यह कैच ऑफ द मैच साबित हुआ। टीम इंडिया ने केंसिग्टन ओवर ब्रिजटाउन में दक्षिण अफ्रीका को फाइनल मुकाबले में हराकर इतिहास रच दिया। एक बार फिर टीम इंडिया टी20 वर्ल्ड कप में वर्ल्ड चौंपियन बन गई है। टीम इंडिया के चीफ कोच राहुल द्रविड़ के लिए इससे बड़ा कोई तोहफा नहीं हो सकता था। पिछले साल वनडे वर्ल्ड कप में रोहित शर्मा एंड कंपनी फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से हार गई थी। इस घाव को भरने का इससे बड़ा मरहम कुछ और नहीं हो सकता। इस बड़ी जीत के बाद भारतीय कप्तान रोहित शर्मा एक बार फिर भावुक नजर आए. टीम के लगभग सभी खिलाड़ियों की आंखों में खुशी के आंसू नहीं रोक पाए।
टीम इंडिया के दो सबसे बड़े दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा और विराट कोहली ने आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2024 की ट्रॉफी जीतने के बाद टी20 इंटरनेशनल से संन्यास की घोषणा कर दी। मैच के तुरंत बाद विराट कोहली ने कहा कि वह जो पाना चाहते थे, वह पा लिया। यह उनका भारत के लिए आखिरी टी20 इंटरनेशनल मैच था। इसके कुछ ही घंटों बाद टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा ने भी टी20 आई से संन्यास की घोषणा कर दी। भारत के कप्तान ने आधिकारिक पोस्ट मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी घोषणा की। भारत के विजयी अभियान में अहम भूमिका निभाने वाले रोहित ने पुष्टि की कि वह वनडे और टेस्ट में भारत का प्रतिनिधित्व करना जारी रखेंगे. पूरी टीम के लिए यह एक बेहद भावुक क्षण था।
सुपर 8 मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 41 गेंद पर 92 रन बनाने वाले रोहित शर्मा ने कहा कि वह खिताब के लिए ‘बेताब’ थे। उन्होंने पोस्ट मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि यह मेरा आखिरी मैच भी था। अलविदा कहने का इससे बेहतर समय नहीं हो सकता. मैं यह ट्रॉफी बहुत चाहता था। इसे शब्दों में बयां करना बहुत मुश्किल है। यह वही है जो मैं चाहता था और यह हुआ. मैं अपने जीवन में इसके लिए बहुत बेताब था। खुश हूं कि हमने इस बार लक्ष्य हासिल कर लिया। उनकी यह घोषणा भारत के दूसरे टी-20 विश्व कप खिताब जीतने के तुरंत बाद आई, एक ऐसी जीत जिसने देश को अपार खुशी और गौरव प्रदान किया।
