

जमशेदपुर से चन्द्रमणि की रिपोर्टः-
जमशेदपुर: झारखंड भाजपा के हाथांे से सत्ता क्या फिसली लगता है कि भाजपा के कार्यकर्ता अनुशासनहीन हो गये है और इसी का नजारा जमशेदुपर के घाटशिला में दिखाई दिया जहां जमकर कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट हुई। मंडल अध्यक्ष के चुनाव के दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओ को यह बुरे दिन देखने पड़े। घाटशिला में धक्का-मुक्की के बाद कुर्सियां तक तोड़ डाली गई। बड़ी मशक्कत के बाद वरिष्ठ नेताओं ने स्थिति को नियंत्रण में किया। घाटशिला में घाटशिला और बहरागोड़ा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष पद के लिए तीन नामों का प्रस्ताव देने की प्रक्रिया चल रही थी। इसी दौरान जमकर हंगामा होने लगा। मुसाबनी मंडल अध्यक्ष पद के लिए तीन नामों का प्रस्ताव देने की प्रक्रिया शुरू हुई तो भाजपा नेताओं ने वोटर लिस्ट में नाम कटने से नाराज होकर हंगामा शुरू कर दिया। कुर्सियां तोड़ डाली और जमकर गाली-गलौज हुई। इस दौरान भाजपा नेता गुरुचरण रजवाड़ के साथ जमकर धक्का-मुक्की और मारपीट भी हुई। मुसाबनी के भाजपा नेताओं ने भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष रोहित सिंह का कॉलर तक पकड़ लिया। भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने बीचबचाव किया। जमकर बवाल होने के बाद भाजयुमो जिलाध्यक्ष ने कहा कि मुसाबनी मंडल का चुनाव फिलहाल रद्द कर दिया जाए। इसपर मुसाबनी के एक धड़े के भाजपा नेता नाराज हो गए थे। हंगामे के दौरान पूर्व विधायक लक्ष्मण टुडू, घाटशिला से भाजपा प्रत्याशी लखन मार्डी, पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश साव, चंडी चरण साव सहित अन्य नेता मौजूद थे। इस घटना की सूचना प्रदेश कार्यालय को जमशेदुपर के नेताओं ने दे दी है।
