

बेरमो के ढ़ोरी कोलियरी से लौटकर अशोक कुमार की रिपोर्ट
बेरमो/ रांची: इंटक के राष्ट्रीय महामंत्री और बेरमो के विधायक स्वर्गीय राजेंद्र प्रसाद सिंह की तेरहवीं राजनीति के दिग्ग्जों का महाजुटान बन गया था। मौका था स्वर्गीय राजेन्द्र सिंह के श्राद्ध का लेकिन राजनीतिक दिग्गजों के जुटान के कारण राजनीतिक चर्चा भी जमकर हुई कि राजेन्द्र सिंह का राजनीतिक वारिस कौन होगा ? बोकारो के सीसीएल कंपनी के ढ़ोरी कोलियरी के स्वर्गीय राजेन्द्र प्रसाद सिंह के आवास पर श्राद्धकर्म का कार्यक्रम आयोजित हुआ जिसमें राजनीतिक और प्रशासनिक हस्तियों का जुटान हुआ। झारखंड ,उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल के कई चर्चित चेहरे उपस्थित थे। कांग्रेस और मजदूरों की राजनीति से जमीनी जुड़ाव रखनेवाले राजेन्द्र सिंह की तेरहवीं में दूसरे पार्टियों से भी बड़ी संख्या में लोग जुटे। राजेन्द्र सिंह की तेरहवीं में पूर्वांचल के चर्चित डॉन बृजेश सिंह के भतीजे विधायक सुशील सिंह की भी उपस्थिति खास रही। सुशील पूरे लाव-लश्कर के साथ पहुंचे थे। अतिथियों की अगवाई में दिवंगत इंटक विधायक के दोनों बेटे-इंटक के राष्ट्रीय सचिव कुमार जयमंगल उर्फ अनूप सिंह एवं झारखंड प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष कुमार गौरव दिनभर जुटे रहे। कांग्रेस दिवंगत राजेंद्र प्रसाद सिंह के दोनों बेटे-इंटक के राष्ट्रीय सचिव कुमार जयमंगल उर्फ अनूप सिंह एवं झारखंड प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष कुमार गौरव कांग्रेस की राजनीति में सक्रिय हैं। दोनों ही चुनाव लड़ना चाहते हैं। अब कांग्रेस नेतृत्व को तय करना है कि वह किसे उप चुनाव में प्रत्याशी बनाएगी। हालांकि इंटक की जिम्मेवारी जयमंगल सिंह ने संभाल ली है। वहीं छोेटे बेटे के श्वसुर कमलेश सिंह है जो हुसैनाबाद से विधायक हैं।वह चाहते हैं कि कुमार गौरव बेरमो में कांग्रेस के टिकट पर भाग्य आजमायें। राजनीतिक हलकों में माना जा रहा है कि कांग्रेस राजेंद्र बाबू के जिस बेटे को उप चुनाव में प्रत्याशी बनाएगी वह उनका राजनीतिक वारिस होगा। इधर जयमंगल सिंह मजदूरो के युनियन इंटक में राजेन्द्र सिंह के विरासत मिलती हुई दिखाई दे रही है। बेरमो की नजर इस बात पर टिकी है कि राजेंद्र प्रसाद सिंह का राजनीतिक वारिस कौन होगा? इन कयासों के बीच यह भी चर्चा जोरदार ढ़ंग से हुई कि राजेन्द्र सिंह का स्वभाव ऐसा था कि विरोधी भी उनके स्वभाव और मृदूभाषी होने के कायल थे। इस स्वभाव को देानेां पुत्रों में से कौन अपनायेगा और बेरमो की जनता के साथ ही राजेन्द्र सिंह के प्रशंसकों का दिल जीतेगा इसके लिये भी श्राद्धकर्म कार्यक्रम में चर्चा हो रही थी। झारखंड के बेरमो विधानसभा क्षेत्र का छह बार प्रतिनिधित्व करने वाले विधायक राजेंद्र प्रसाद सिंह का 24 मई, 2020 को गुरूग्राम के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया था। शनिवार को राजेंद्र बाबू की तेरहवीं पर ब्रह्मभोज का आयोजन किया गया। इस श्राद्धकर्म में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, वर्तमान मंत्री चंपई सोरेन, बन्ना गुप्ता, बादल पत्रलेख, सत्यानंद भोगता, आलमगीर आलम, रामेश्वर उरांव, जगरनाथ महतो, विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष शशांकशेखर भोक्ता, कोडरमा की सांसद अन्नपूर्णा देवी, पूर्वमंत्री मनोज कुमार यादव, राजद के प्रदेश अध्यक्ष अभय कुमार सिंह, युवा राजद के प्रदेश अध्यक्ष रंजन कुमार, सांसद गीता कोड़ा, विधायक सरफराज अहमद, डॉ. इरफान अंसारी, सोनाराम सिंकू, सुखदेव भगत, कमलेश सिंह, सांसद पीएन सिंह, विधायक राज सिन्हा, विरंची नारायण, ममता देवी, भूषण बाड़ा, डॉ. लंबोदर महतो, अंबा प्रसाद, पूर्व सांसद रवींद्र कुमार पांडेय, एडीजी आरके मलिक, डीआइजी प्रभात कुमार, कुलदीप द्विवेदी, एसपी चंदन कुमार झा, पश्चिम बंगाल के बैरकपुर से भाजपा सांसद अर्जुन सिंह, धनबाद के डिप्टी मेयर एकलव्य सिंह, एआइसीसी सदस्य संतोष सिंह, भाजपा नेता विनय कुमार सिंह आदि उपस्थित थे।
