
मुखर संवाद के लिये अशोक कुमार की रिपोर्टः-
गोड्डा: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झामुमो से बगावत करनेवाले पूर्व मुख्यमंत्री चम्पई सोरेन पर पैसे पर बिकने का आरोप लगाया है। पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन की नाराजगी और बीजेपी में शामिल होने की चर्चा के बीच हेमंत सोरेन ने गोड्डा में आयोजित एक कार्यक्रम में बिना किसी का नाम लिए बीजेपी पर निशाना साधा। हेमंत सोरेन ने कहा -विरोधियों (बीजेपी) की ओर से लगातार घर फोड़ने और पार्टी तोड़ने की कोशिश की जाती रही है। आए दिन इस विधायक, तो उस विधायक को खरीदने की कोशिश की जाती है। पैसा ऐसी चीज है कि नेता लोग को भी इधर से उधर घसकने में समय नहीं लगता है। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य में सियासी सरगर्मी के बीच एक बड़ा बयान दिया।
https://x.com/ChampaiSoren/status/1825145520366469255
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड में चुनाव की घंटी बजने वाली है, लेकिन घंटी बजाने का पावर विरोधियों के हाथों में हैं। उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि चुनाव आयोग की ओर से संवैधानिक संस्था की तरह अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की जगह बीजेपी के इशारे पर काम किया जा रहा है। आयोग बीजेपी के एजेंट के रूप में काम कर रहा है। तीन-चार महीने से रोज बोला जा रहा है कि आज-कल में चुनाव तिथि की घोषणा हो जाएगी। लेकिन वो चुनौती देते हैं कि आयोग यदि आज चुनाव की घंटी बजा, तो कल राज्य से बीजेपी का सफाया हो जाएगा।
