
रांची से अशोक कुमार की रिपोर्टः-
रांची: सरस्वती पूजा के विसर्जन में शामिल होकर लौट रही दो लड़कियों के साथ चार लड़कों ने रांची सदर अस्पताल के परिसर में सामूहिक बलज्ञत्कार की घटना को अंजाम दिया है। झारखंड की राजधानी रांची में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। शहर के बीचोबीच स्थित सदर अस्पताल के परिसर में दो नाबालिग लड़कियों के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया है। इस घटना से प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह वारदात रांची के लोअर बाजार थाना क्षेत्र स्थित सदर अस्पताल के स्टाफ क्वार्टर में हुई है। पुलिस के अनुसार, चारों लड़के दो लड़कियों को बहला-फुसलाकर स्टाफ क्वार्टर के एक कमरे में ले गए। वहीं बताया जा रहा है कि लड़कियां आरोपियों को पहले से जानती थीं कमरे में लड़कों ने बारी-बारी से दोनों लड़कियों के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। गिरफ्तार आरोपियों में दो बालिग हैं, जबकि दो नाबालिग हैं। नाबालिग आरोपियों को बाल सुधार गृह भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक, दोनों लड़कियां सरस्वती पूजा विसर्जन जुलूस देखकर लौट रही थीं. रास्ते में उन्हें चार लड़के मिले, जिनमें से कुछ लड़कियां पहले से परिचित थीं। लड़कों ने लड़कियों को बातों में फंसाकर सदर अस्पताल के स्टाफ क्वार्टर में ले गए, जहां इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया गया।
मामले का खुलासा तब हुआ, जब स्टाफ क्वार्टर में चहलकदमी देख वहां कुछ सुरक्षाकर्मी जांच के लिए पहुंचे. इसी दौरान दो लड़के वहां भागने लगे, जिन्हें सुरक्षाकर्मियों के द्वारा पकड़ा गया। उन लोगों ने ही बताया कि कमरे के अंदर दो लड़कियां और कुछ लड़के मौजूद हैं। इसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने पूरे मामले की जानकारी लोअर बाजार थाने की पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया।
रांची के सरकारी अस्पताल में दुष्कर्म किए जाने की यह कोई पहली घटना नहीं है। सदर अस्पताल से पहले राज्य के सबसे बड़े अस्पताल है रिम्स में इसी वर्ष जनवरी में मरीजों की सुरक्षा में तैनात सैप के जवान ने ही एक युवती के साथ रेप की घटना को अंजाम दिया था। दरअसल, झारखंड के चतरा की रहने वाली पीड़िता अपने प्रेमी का इलाज करवाने के लिए रिम्स आई थी, यहां दोनों अस्पताल के बरामदे में सो रहे थे। इसी दौरान वहां सुरक्षा में तैनात सैप जवान संतोष कुमार बारला पहुंचा और पूछताछ के बहाने युवती को अस्पताल के चौथे तल्ले पर ले जाकर दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया।
