
मुखर संवाद के लिये अशोक कुमार की रिपोर्टः-
रांची: राहुल दुबे गिरोह हजारीबाग ही नहीं बल्क् िरांची में भी तेजी से सक्रियता अपनी बढ़ा दी है। रांची के बिल्डर राफे कमाल से राहुल दुबे गिरोह ने पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी है. रंगदारी की रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई है। बिल्डर राफे कमाल ने इस संबंध में अरगोड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है. जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। दर्ज प्राथमिकी के मुताबिक, राफे कमाल ने आरोप लगाया है कि पंडरा में उनकी एक जमीन है। उस जमीन को लेकर पिछले कुछ दिनों से धमकी मिल रही है। उन्हें धमकी देने वालों में तौसिफ, नईम, बादशाह और आसिफ का नाम शामिल है। पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता ने बताया कि उसे लगातार फोन कॉल और संदेशों के जरिए बड़ी रकम की मांग की जा रही थी। मांग पूरी न होने पर जान से मारने की धमकी भी दिए जाने का आरोप है।
शुरुआती जांच में यह मामला संगठित आपराधिक गतिविधि से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस की विशेष टीम गठित की गई है, जो कॉल डिटेल्स, संदेशों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। प्राथमिकी के मुताबिक, गत छह जनवरी को जब वह जमीन पर गए थे, तब उनसे कहा गया कि राहुल दुबे गैंग और अमन साहु गैंग से बात कर लो. आपराधिक गिरोह के नाम लेकर उन्हें वहां से भगा दिया गया था। जब वह घर लौटे तो शाम में एक नंबर से उनके मोबाइल पर एक मैसेज आया। मैसेज करने वाले ने खुद को राहुल दुबे गिरोह का प्रकाश शुक्ला बताया और पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी। इसके बाद 17 जनवरी को उनके भाई की रेकी का वीडियो भेजा. जिसके बाद उन्होंने थाना में लिखित सूचना दी। शहर में सक्रिय बताए जा रहे राहुल दुबे गिरोह पर एक कारोबारी से पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का गंभीर आरोप सामने आया है। पीड़ित की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि जांच पूरी होने तक सभी आरोपी केवल संदिग्ध हैं और कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले को लेकर शहर में चर्चा का माहौल है और व्यापारी वर्ग में चिंता देखी जा रही है।
