

मुखर संवाद के लिये अशोक कुमार की रिपोर्टः-
रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राजधान रांची के रिम्स में व्याप्त कुव्यवस्था को लेकर रिम्स प्रबंधन को कड़ी फटकार लगायी है। राजधानी रांची के रिम्स के कोविड वार्ड मं अव्यवस्था की शिकायत मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पास मीडिया के जरिये की गयी थी। राज्य के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल रिम्स में एक बार फिर अव्यवस्था का आलम दिखा है। इस मामले को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गंभीरता से लिया है। इस पर संज्ञान लेते हुए उन्होंने मामले में रिम्स प्रबंधन को सख्त आदेश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा है कि इस तरह के मामलों की पुनरावृत्ति भविष्य में न हो, रिम्स प्रबंधन यह सुनिश्चित करे। इसके साथ ही सीएम ने स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता को भी मामले में संज्ञान लेने का अनुरोध किया है। रिम्स के कोविड वार्ड में बेड से गिरे एक मरीज को सहायता नहीं मिल पाने के कारण वह घंटों नीचे पड़ा रहा। मीडिया के माध्यम से मुख्यमंत्री को जानकारी मिली थी कि रिम्स स्थित कोविड वार्ड में एक कोविड एवं कैंसर पीड़ित मरीज बेड से नीचे गिर गया। लेकिन घंटों गुहार लगाने के बाद भी उसकी मदद नहीं की गई। मुख्यमंत्री की ओर से दिये गये निर्देश के बाद कोविड वार्ड में व्यवस्था में सुधार की संभावना दिखने लगी है।
