

मुखर संवाद के लिये शिल्पी यादव की रिपोर्टः-
पटना: राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव का पूरा परिवार इस विपदा की घड़ी में भगवान की शरण में चला गया है। लालू के लालों ने जहां भगवान की पूजा में रमे हुए हैं वहीं बेटी रोहिणी आचार्या घर पर ही रमजान के रोजा रखकर अल्लाह से मन्नते मांग रही है और मां दुर्गा की अराधना भी कर रही है। राष्ट्रीय जनता दल सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की चारा घोटाला के दुमका कोषागार मामले में झारखंड हाईकोर्ट में उनकी जमानत पर सुनवाई 16 अप्रैल को है। इसके पहले ही लालू परिवार के सदस्य भगवान की शरण में चले गेा है। लालू की बेटी राहिणी आचार्य रमजान के महीने में रोजा रखने के साथ चैत्र नवरात्र में मां दुर्गा की पूजा भी कर रहीं हैं। लालू के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव भी मां दुर्गा की पूजा कर रहे हैं। इस बीच लालू यादव के छोटे बेटे व बिहार में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने देवघर में भगवान भोलेनाथ की पूजा की है। वहीं बड़े बेटे तेज प्रताप पटना में भागवत कथा भी करा चुके हैं। लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य पिता की जमानत एवं सेहत के लिए मां दुर्गा की पूजा के साथ रमजान का रोजा भी रख रहीं हैं।
रोहिणी ने ट्वीट कर बताया था कि वे पिता के स्वास्थ्य और जेल से रिहाई के लिए रोजा रखेंगी। उन्होंने लिखा था कि वे पिता की सेहत में सुधार और उन्हें जल्दी न्याय मिलने के लिए दुआ करेंगीं। साथ ही देश में अमन-चैन के लिए भी ईश्वर व अल्लाह से कामना करेंगीं। उन्होंने यह भी लिखा था कि उनके अंदर इतनी हिम्मत है कि वे रोजा रखने के साथ चैत्र नवरात्र भी पूरी निष्ठा के साथ कर सकती हैं। झारखंड के मधुपुर में हो रहे विधानसभा उपचुनाव को लेकर कल आरजेडी नेता तेजस्वी यादव देवघर गए। आज तेजस्वी यादव ने भगवान शिव के प्रसिद्ध मंदिर बाबा धाम में पूजा-अर्चना की।
तेजस्वी झारखंड के मधुपुर में महागठबंधन के प्रत्याशी हफीजुल अंसारी से समर्थन में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के बुलावे पर चुनाव प्रचार करने गए थे। इसी दौरान उन्होंने देवघर जाकर बाबा वैद्यनाथ की पूजा की। लालू के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव भी पटना के अपने सरकारी आवास पर मां दुर्गा की पूजा में लीन हैं। चैत्र नवरात्र के अवसर पर उन्होंने मां दुर्गा की पूजा शुरू की है। तेज प्रताप भी अपनी पूजा में पिता की जमानत व अच्छी सेहत के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।तेज प्रताप इसके पहले पिता लालू प्रसाद यादव की रिहाई के लिए मुहिम भी चला चुके हैं। इसके तहत राष्ट्रपति को लाखों पोस्टकार्ड भेजे गए हैं।
