मुखर संवाद के लिये अशोक कुमार की रिपोर्टः-
रांची : झारखंड में अब कोरोना का मीटर थमने का नाम नहीं ले रहा है। दिन प्रतिदिन यह आंकड़ा झारखंड में बढ़ता ही जा रहा है जिससे राज्य सरकार के साथ जनता के बीच भी चिन्ता हो रही है। झारखंड में कोरोना वायरस के मरीजों के बढ़ने का सिलसिला थम नहीं रहा. पू्र्वी सिंहभूम जिले में शनिवार को कोरोना के 27 नए पाॅजिटिव केस मिले। ये सभी प्रवासी हैं और देश के अलग-अलग शहरों से जमशेदपुर पहुंचे थे। यहां आने के बाद इनमें से 25 लोगों को स्वाब सैंपल लेने के बाद क्वारैंटाइन सेंटर भेजा गया था, जबकि दो लोग अपने घर मानगो के दाईगुट्टू और जुगसलाई पुरानी बस्ती में होम क्वारैंटाइन थे। डीसी रविशंकर शुक्ला ने इसकी पुष्टि की है। एमजीएम से जांच रिपोर्ट पाॅजिटिव आने के बाद प्रशासन ने सभी को टीएमएच के कोविड हाॅस्पिटल में भर्ती करा दिया है। वहीं दाईगुट्टू और जुगसलाई पुरानी बस्ती में मिले दोनो पाॅजिटिव मरीज के घर के आसपास के क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन घोषित करते हुए उसे सील कर दिया गया है। उधर, राज्य मरीजों के संख्या डबल होने का औसत 11 दिन हो गया है। अगर यही रफ्तार और ट्रेंड रहा तो अगले 15 दिन में मरीजों की संख्या 1650 के आसपास होगी।शुक्रवार रात एक दिन में सर्वाधिक 46 कोरोना संक्रमित मरीज मिले। 20 मई को जहां 42 संक्रमित मिले थे, वहीं आठ दिन बाद 29 मई को 46 संक्रमित मिले। इनमें सबसे अधिक पूर्वी सिंहभूम के 15, उसके बाद हजारीबाग के 10 और रामगढ़ के 9 मरीज शामिल हैं। कोडरमा में 7, धनबाद में 3 और बोकारो में 2 पॉजिटिव मिले हैं। सभी मरीजों की कॉन्टेक्ट हिस्ट्री से पता चला है कि सभी प्रवासी हैं और हाल में ही विभिन्न राज्यों से पहुंचे हैं। संक्रमितों को उनके जिले में स्थित कोविड-19 अस्पताल में भर्ती किया गया है।
झारखंड में कोरोना संक्रमण का आंकड़ा 563 पर पहुंच गया है। शनिवार को धनबाद में एक महिला को कोरोना संक्रमित पाया गया। जमशेदपुर में आज 27 नया मामला सामने आया है। हजारीबाग और सिमडेगा में अबतक 4-4 नए मामले पकड़ में आए हैं। ताजा जानकारी के मुताबिक खूंटी में 2, गढ़वा में 2 और पलामू-गुमला में भी एक-एक कोरोना संक्रमित की पहचान की गई है।राज्य के 24 में से 23 जिलों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। अब सिर्फ साहिबगंज जिला ही कोरोना से सुरक्षित बचा है। आज जमशेदपुर से 27, खूंटी से 2, सिमडेगा से चार, गुमला से एक नए मरीज सामने आए हैं। बताया गया है कि आज 38 कोरोना मरीज स्वस्थ भी हुए। इनमें रांची के पांच, कोडरमा के 19, गढ़वा के 13 तथा पश्चिम सिंहभूम के एक मरीज शामिल हैं।
