रांची : झारखंड विधानसभा के अध्यक्ष रवीन्द्र नाथ महतो ने झारखंड विधानसभा के कोवीड19 कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान कंट्रोल रूम में पदस्थापित पदाधिकारियों ने जानकारी दी कि महाराष्ट्र में10 लड़कियों का समूह एक जिला में फंसी हुई हैं। जिन्हें आर्थिक मदद की नितांत आवश्यकता है। अध्यक्ष ने अपने विवेकानुदान फंड से उन लड़कियों के समूह को मदद करने का निर्देश कंट्रोल रूम को दिया। अब तक जितने भी मामले कंट्रोल रूम में आये उन मामलों का निष्पादन त्वरित ढंग से किया गया इस पर अध्यक्ष ने संतोष व्यक्त किया और कंट्रोल रूम में पदस्थापित पदाधिकारियों एवं कर्मियों के कार्य निष्पादन दक्षता को देखते हुए उनकी सराहना भी की। अध्यक्ष रविंद्र नाथ महतो ने कंट्रोल रुम को यह भी निर्देश दिया कि राज्य से बाहर फंसे लोगों ,प्रवासी मजदूरों को सहायता करने में किसी प्रकार की कोताही न बरती जाए।यदि आर्थिक रूप से सहयोग करने की आवश्यकता आती है तो ऐसे मामले को उनके संज्ञान में लाया जाए ताकि झारखंड वासियों जो राज्य से बाहर फंसे हुए हैं उन्हें वापस लाने या उन्हें मदद करने में किसी प्रकार की कमी आड़े न आए।