
मुखर संवाद के लिये शिल्पी यादव की रिपोर्टः-
रांची : झारखंड में स्थापित विश्वविद्यालय सरला बिरला विश्वविद्यालय सफलता की एक के बाद एक सीढ़ियां चढ़ने के लिये कदम बढ़ाता जा रहा है। सरला बिरला विश्वविद्यालय के शैक्षणिक गतिविधियों में एक और सफलता आई है। अमेरिका के कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय, बर्कले के डिपार्टमेंट ऑफ इन्वायरमेंटल साइंस, पॉलिसी एंड मैनेजमेंट के प्रोफेसर पाउलो डी.ओडोरिको ने सरला बिरला विश्वविद्यालय के कुलपति के आग्रह को स्वीकार करते हुए विश्वविद्यालय के सलाहकार समिति के सदस्य बनने की अपनी सहमति दे दी है। सरला बिरला विश्वविद्यालय तेजी से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने की दिशा में सतत प्रयत्नशील है। इस दिशा में यह सहमति अहम भूमिका सुनिश्चित करेगी। कुछ दिन पूर्व अमेरिका के कैलिफोर्निया यात्रा पर गए कुलपति प्रोफ़ेसर गोपाल पाठक ने विश्वविद्यालय के बेहतर संचालन के लिए विश्व के कई ख्याति प्राप्त एवं नामचीन विश्वविद्यालयों के साथ आपसी समझौते किया है।
प्रोफ़ेसर पाठक ने बताया कि इस प्रकार के दो विश्वविद्यालयों के आपसी संबंध से छात्रो के बीच वैश्विक स्तर का ज्ञान का आदान-प्रदान होगा जिससे हमारे छात्रों को विश्वस्तरीय आवश्यकतानुसार स्किल्स को समझने के अवसर उपलब्ध हो पायेंगे। उन्होंने कहा कि विश्व के नामचीन विश्वविद्यालयों के सलाहकारों द्वारा प्रदत सलाह के आधार पर यह विश्वविद्यालय अपनी राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय फलक पर पहचान बनाने में अवश्य ही कामयाब होगा। उन्होंने कहा कि इससे पहले प्रिंसटन यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर पीटर जैफ इस सलाहकार समिति के सदस्य के रूप में अपना मार्गदर्शन देने का सहमति व्यक्त कर चुके हैं।
इस सहमति पर विश्वविद्यालय के मुख्य कार्यकारी पदाधिकारी डॉ प्रदीप कुमार वर्मा ने हर्ष व्यक्त किया है तथा विश्वविद्यालय को ख्यातिप्राप्त विश्वविद्यालय बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाने की बात कही है। विश्वविद्याललय के कार्मिक और प्रशासनिक प्रबंधक अजय कुमार के अनुसार, विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ विजय कुमार सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त की है तथा विश्वविद्यालय में अध्ययनरत छात्र छात्राओं के उज्जवल भविष्य की कामना की है। इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के सभी डीन, एसोसिएट डीन, प्राध्यापकगण, पदाधिकारीगण एवं कर्मचारियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दी है।
