
रांची से प्रियंका
रांची: सावधान होकर रहिये। नये साल में आपके जश्न को बिगाड़ सकता है मौसम का मिजाज। नये साल 2020 का स्वागत बारिश की बूंदो से हो सकता है। मौसम पूर्वानुमान में रांची सहित राज्य के कई जिलों में एक जनवरी को बारिश की संभावना जताई गई है। 31 दिसंबर की सुबह में कुहासा या कोहरे की धुंध छायी रही। मौसम विभाग के निदेशक डॉ. एसडी कोटाल के अनुसार , एक जनवरी को सामान्य बादल छाए रहेंगे और गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है।, दो जनवरी को भी दो या दो से अधिक बार हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होगी।
इधर, सोमवार को सामान्य तापमान की अपेक्षा रांची के अधिकतम तापमान में 0.3 न्यूनतम तापमान में 2.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। डॉ. एसडी कोटाल ने बताया कि सोमवार को राज्य के उत्तरी भाग में कुछ स्थानों पर कोल्ड डे व सीवियर कोल्ड डे की स्थिति बनी रही। उत्तरी झारखंड में कुछ स्थानों पर शीतलहर भी चलती रही। कुछ स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे का कोहरा भी छाया रहा। प्रदेश में सबसे कम तापमान डालटनगंज में 5.6 डिग्री सेल्सियस व सबसे अधिक अधिकतम तापमान जमशेदपुर में 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। मौसम का मिजाज बदलने से राज्य में किसानों के फसल बर्बाद होन की संभावना जतायी जा रही है।
