
गढ़वा: झारखंड विकास मोर्चा के अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने झारखंड सहित अन्य प्रदेशों में भाजपा की सरकारों को गुंडों की सरकार करार दिया है। बाबूलाल मरांडभ् ने कहा है कि झारखंड सहित अन्य प्रदेशों में जहां भी भाजपा की सरकारें हैं वहां नहीं लगता है कि कानून व्यवस्था कायम है बल्कि यह भी फर्क नहीं हो पाता है कि सूबों में गुंडों की सरकार है या राजनीतिक दल भाजपा की सरकार है। पूर्व मुख्यमंत्री व जेवीएम सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी बुधवार को बंशीधर नगर पहुंचे। यहां उन्होंने प्लस टू हाईस्कूल परिसर में पार्टी की ओर से आयोजित आमसभा में उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया। इस दौरान बाबूलाल मरांडी ने कहा-प्रदेश में लगता ही नहीं है कि भाजपा की सरकार है या गुंडों की सरकार है। हर जगह लूट, हत्या, अपहरण, बलात्कार जैसे संगीन अपराध रोजाना देखने को मिलते हैं। सरकार में बैठे लोग खुद अपराध कर रहे हैं। उत्तरप्रदेश के उन्नाव की घटना हो या सोनभद्र कांड। हर जगह भाजपा के लोग शामिल है।उन्होंने कहा कि प्रदेश में अमन चैान लाना है तो भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकना होगा। केन्द्र एवं राज्य में भाजपा की सरकार होने के बाद भी सिर्फ कहने के लिए डबल इंजन की सरकार है। इस सरकार में बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य की हालत दयनीय है। जनता को डबल इंजन की सरकार से कोई लाभ नहीं मिल रहा है। सीएम रघुवर दास, जनता के नहीं बल्कि पूंजीपतियों के दास बने हुए हैं। उन्होंने लोगों से झाविमो की सरकार बनाने की अपील करते हुए कहा कि प्रदेश में हमारी सरकार बनी तो दो वर्षों में राज्य का चहुंमुखी विकास किया जाएगा। गरीब किसानों को ब्लॉक एवं जिला का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। पूर्व मंत्री रामचंद्र केसरी ने कहा कि पूर्व सीएम बाबूलाल मरांडी ईमानदार नेता हैं। उन्होंने अपने 18 माह के कार्यकाल मे विकास लंबी लकीर खींची है। जिलाध्यक्ष सूरज कुमार गुप्ता ने उपस्थित लोगों से आगामी चुनाव में झाविमो को मौका देने की अपील की। युवा नेता विजय केसरी ने कहा कि क्षेत्र की जनता ने उन्हें मौका दिया तो क्षेत्र का सर्वांगीण विकास किया जाएगा। इसके पूर्व नेताओं ने पूर्व सीएम को 51 किलो का माला पहनाकर एवं विजय केसरी ने शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। सभा में सीताराम जायसवाल, कृष्णा विश्वकर्मा, विश्वनाथ भंडारी, अश्विनी कुमार, देवेन्द्र प्रसाद चैबे, सुरेंद्र गुप्ता, पूजा गुप्ता, उर्मिला गुप्ता, नईम खलीफा, अमानत हुसैन, दिनेश शर्मा, बुचु प्रसाद, अनिल गुप्ता,धीरज जायसवाल समेंत बड़ी संख्या में पार्टी के नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।
