
हाथरस से प्रियंवदा यादव की रिपोर्टः-
मुखर संवाद ब्यूरो: हाथरस दुष्कर्म मामले पर अब राजनीति तेज हो गयी है। राजनीति तेज होने के साथ ही राजनीतिक दलों ने मोर्चा संभाल लिया है। हाथरस दुष्कर्म पीड़िता के परिवार से मुलाकात करने के लिए जाने जा रहे राहुल व प्रियंका गांधी को पुलिस ने रोक दिया है। इन्हें हिरासत में लेकर पुलिस ग्रेटर नोएडा के एक गेस्ट हाउस ले गई। फॉर्मूला वन ट्रैक गेस्ट हाउस से राहुल गांधी और प्रियंका को लेकर पुलिस दिल्ली के लिए रवाना हुई हो गई है। दोनों का काफिला साथ-साथ चल रहा है। इनके साथ कांग्रेस के अन्य नेता भी मौजूद हैं। इससे पहले यमुना एक्सप्रेस-वे पर पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। झड़प के बीच राहुल गांधी गिर पड़े, हालांकि उन्हें कोई चोट नहीं आई है। वहीं, राहुल गांधी के गिरने की जानकारी मिलते ही कांग्रेस कार्यकर्ता भड़क गए। कुछ देर तक कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्कामुक्की जारी रही, बाद में पुलिस ने फिर से मोर्चा संभाल लिया। यमुना एक्सप्रेस वे से राहुल गांधी व प्रियंका को ले जाने के तुरंत बाद पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज कर दिया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने खदेड़ दिया। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि जिलाध्यक्ष को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा गया। बताया जा रहा है कि कई कई कार्यकर्ता चोटिल भी हुए हैं। कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनोज चैधरी ने आरोप लगाया कि यमुना एक्सप्रेस वे उनकी पिटाई की। जब राहुल व प्रियंका गांधी को पुलिस ने हिरासत में लिया तो कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। जिस जीप में राहुल व प्रियंका को बैठाया गया उसके ऊपर कांग्रेस कार्यकर्ता चढ़ गए। जबकि कई कार्यकर्ता जीप को चोरों ओर से घेर लिया। जीप को रोकने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर लेट गए।
ग्रेटर नोएडा के यमुना एक्सप्रेस वे पर पहुंचे ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर लव कुमार ने कहा किसी भी कीमत पर राहुल गांधी को हाथरस नहीं जाने दिया जाएगा। भारी हंगामे के बीच हाथरस जा रहे कांग्रेस नेता राहुल गांधी, दीपेंद्र हुड्डा और प्रियंका गांधी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। बृहस्पतिवार दोपहर पीड़ित परिवार से मिलने के लिए हाथरस जाने के दौरान राहुल गांधी व प्रियंका के काफिले को यमुना एक्सप्रेस वे के जीरो प्वाइंट पर पर रोक लिया गया। इसके बाद राहुल और प्रियंका दोनों हाथरस लिए पैदल ही चले। कुछ देर बाद ही यमुना एक्सप्रेसवे पर पुलिस ने फिर से लाठीचार्ज किया। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं व पुलिस के बीच जमकर हाथापाई हुई।
