मुखर संवाद के लिये शिल्पी की रिपोर्टः-
रांची : झारखंड प्रदेश पासवा अध्यक्ष आलोक कुमार दूबे ने पूरे राज्य में प्रचंड तपती गर्मी के कहर को देखते हुए स्कूलों की गर्मी छुट्टियां बढ़ाने की मांग मुख्यमंत्री से की है।इस बाबत प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन को पत्र भी लिखा है। आलोक दूबे ने कहा 10 जून को सरकारी व निजी विद्यालय में गर्मी अवकाश समाप्त हो रहे हैं। लेकिन गर्मी की जो स्थिति है वह किसी से छुपी हुई नहीं है। तापमान में वृद्धि और गर्म हवाओं के कारण जीवन अस्त व्यस्त है,पूरे राज्य में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास है।ऐसे में स्कूल खोलने के पहले सरकार को हर स्थितियों का मूल्यांकन एवं समीक्षा करनी चाहिए।
छोटे छोटे बच्चों की सुरक्षा पहले जरुरी है,दस दिनों के बाद भी अगर स्कूल खुलेंगे तो बहुत कुछ नहीं हो जाएगा। जब तक मानसून नहीं आता है और मौसम विभाग गर्मी को लेकर गाइडलाइंस जारी नहीं करती है तब तक स्कूलों को बंद ही रखना चाहिए। पासवा के प्रदेश अध्यक्ष आलोक दूबे ने निजी विद्यालयों के लिए गाइडलाइंस जारी करते हुए कहा है कि 12 जून से स्कूल खुलने के पहले गर्मी की स्थिति का मूल्यांकन करने के बाद ही निर्णय होगा। इस संदर्भ में 11 जून को पासवा की बैठक होगी।
