
मुखर संवाद के लिये शिल्पी यादव की रिपोर्टः-
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपने मंत्रिमंडल का विस्तार छह दिसंबर को करेंगें। झारखंड में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में कैबिनेट का विस्तार शीतसत्र के शुरू होने से पहले हो जाएगा। कैबिनेट के बाकी सभी सदस्यों को एक साथ शपथ दिलाई जाएगी। शनिवार को मुख्यमंत्री से मिलने के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश नई दिल्ली रवाना हो गए। कमलेश केंद्रीय नेतृत्व से मिलकर कांग्रेस कोटे के मंत्रियों का नाम फाइनल कराएंगे। नई दिल्ली में लोकसभा सत्र के बीच कुछ सीनियर नेताओं से केशव महतो कमलेश की मुलाकात होगी। इस मुलाकात के क्रम में मंत्रियों के नाम पर मुहर लगेगी। केंद्रीय नेतृत्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से भी बात करेगा।
अभी तक की तैयारियों के अनुसार प्रदेश कांग्रेस के नेता केंद्रीय नेताओं से रविवार को ही मिल पाएंगे। कुछ नेताओं से सोमवार को मुलाकात होगी।इस आधार पर यह कहा जा रहा है कि मंगलवार तक मंत्रियों के नाम फाइनल हो जाएंगे। माना जा रहा है कि सीएम हेमंत सोरेन नए चेहरों को तरजीह दे रहे हैं और ऐसे में दो से तीन अनुभवी लोगों को छोड़कर पहली नए विधायकों को मौका मिल सकता है। राजद से एक ही मंत्री होगा इसलिए कहीं कोई परेशानी नहीं है। लालू-तेजस्वी यादव जिनका नाम फाइनल करेंगे उन्हें मंत्री बनाया जाएगा।
राजद और कांग्रेस के बीच से ही अनुसूचित जाति वर्ग के किसी एक विधायक को मंत्री बनाया जाएगा। इनमें कांग्रेस के राधाकृष्ण किशोर, सुरेश बैठा और राजद के सुरेश पासवान में से किसी एक का चयन होगा।कांग्रेस कोटे से ही अगड़ों को मंत्री बनाने की बातें सामने आ रही है। अनूप सिंह का नाम इसी क्रम में आगे है। महिला मंत्रियों को लेकर दीपिका पांडेय सिंह का नाम सबसे आगे है। झामुमो से लुइस मरांडी के नाम की भी चर्चा हो रही है। तस्वीर दो से तीन दिनों में साफ हो जाएगी।
कांग्रेस सूत्रों के अनुसार चार दिसंबर तक नाम फाइनल होने के बाद मुख्यमंत्री को तय करना है कि वे कैबिनेट का विस्तार कब करेंगे। लेकिन यह संभावना जतायी जा रही है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन छह दिसंबर को राजभवन में अपने मंत्रिमंडल को शपथ दिलाने की तिथि तय करेंगें। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने चौथी बार मुख्यमंत्री बनने के लिए हेमंत सोरेन को बधाई दी है। झारखंड में आइएनडीआइए को प्रचंड बहुमत मिलने के बाद हेमंत सोरेन ने गुरुवार को सीएम पद की शपथ ली थी। शनिवार को सीएम हाउस पहुंचकर कमलेश ने उन्हें बधाई दी।
इसके बाद मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि गठबंधन को अपना अपार समर्थन देकर जनता ने सरकार के विकास कार्यों पर अपने समर्थन की मुहर लगा दी है। झारखंड की जनता ने साफ कर दिया है कि यहां बांटने की राजनीति नहीं चलेगी बल्कि विकास झारखंड की प्राथमिकता है। केशव ने कहा कि जनता ने लगातार दूसरी बार महागठबंधन पर अपना भरोसा जताया है और इस भरोसे पर हम खरा उतरेंगे। अगले 5 वर्षों में विकास की एक लंबी लकीर झारखंड में खींची जाएगी। मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने बताया कि सीएम के साथ मिलनेवालों में रवींद्र सिंह, जलेश्वर महतो, सतीश पाल मुंजनी, रियाज अहमद भी शामिल थे।
