

रांची से अशोक कुमार
रांची: हेमंत सोरेन सरकार के मंत्रिमंडल का विस्तार आज राजभवन में मंत्री पद केे शपथ लेने के साथ ही हो गया। राजभवन के बिरसा मंडप में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल द्रोपदी मुर्मू ने 7 विधायकों ने मंत्री पद की शपथ दिलाई। झारखंड मुक्ति मोर्चा से हाजी हुसैन अंसारी, चंपई सोरेन, जगरनाथ महतो, जोबा मांझी और मिथलेश ठाकुर और कांग्रेस से बन्ना गुप्ता और बादल पत्रलेख ने मंत्री पद की शपथ ली। झारखंड में मुख्यमंत्री समेत मंत्रिमंडल में अधिकतम 12 मंत्री हो सकते हैं। इसमें से मुख्यमंत्री समेत 4 पहले ही मंत्रिमंडल में शामिल हो चुके हैं। 7 मंत्री और बनने के बाद अब सिर्फ 1 मंत्री की जगह खाली है। झामुमो सीएम के अलावा 6 मंत्री पद चाहता है। पार्टी का स्टैंड है कि इतने मंत्री पदों से सभी जाति-धर्म और वर्ग का प्रतिनिधित्व सरकार में हो जाएगा।कांग्रेस भी मंत्री पदों को लेकर इसी तरह का संतुलन चाहती है। ऐसे में वह कुल 5 मंत्री पद अपने कोटे से चाहती है। कांग्रेस से दो पहले ही मंत्री बन चुके हैं। अब और 3 मंत्री पद अपने कोटे से लेने के प्रयास में थी। हालांकि, माना जा रहा है कि सहमति नहीं बन पाई। इसीलिए मंत्रिमंडल में 1 पद को फिलहाल खाली रखा गया है। वहीं प्रदीप यादव और बंधू तिर्की के कांग्रेस मं शामिल होने के बाद दोनों में से किसी एक को मंत्री बनाया जा सकता है। बंधू तिर्की फिलहाल खेल घोटाले में सीबीआई जांच की गिरफ्त में हैं और किसी भी समय बंध्ूा तिर्की गिरफ्तार किये जा सकते हैं। बंधू तिर्की को चुनाव के पहले ही गिरफ्तार किया गया था। राजभवन के बिरसा मंडप में आयोजित मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, झारखंड कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी आरपीएन सिंह और झारखंड कांग्रेस के प्रदेश उपप्रभारी उमंग सिंघार की मौजूदगी में राज्यपाल द्रौपदी मूर्मू ने मंत्रियों को शपथ दिलाई। राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने सात विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई। राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू और मुख्य सचिव डीके तिवारी की उपस्थिति में सात मंत्रियों की नियुक्ति का आदेश पढ़ा गया। सबसे पहले मंच पर चंपई सोरेन का नाम पुकारा गया और राज्यपाल ने चंपई सोरेन को शपथ दिलाई। इसके बाद शपथ लेने के लिए हाजी हुसैन अंसारी का नाम पुकारा गया। हाजी हुसैन ने उर्दू भाषा में शपथ ली। हाजी हुसैन के बाद जगरनाथ महतो ने मंत्री पद की शपथ ली। हेमंत मंत्रिमंडल में पहली महिला मंत्री के तौर पर झामुमो की विधायक जोबा मांझी ने शपथ ली।जोबा मांझी के बाद कांग्रेस कोटे से जमशेदपुर पश्चिमी सीट के विधायक बन्ना गुप्ता ने मंत्री पद की शपथ ली। इसके बाद राज्यपाल ने जरमुंडी के कांग्रेस विधायक बादल पत्रलेख को मंत्री पद की शपथ दिलाई। सबसे अंत में झारखंड मुक्ति मोर्चा के विधायक मिथिलेश कुमार ठाकुर ने मंत्री पद की शपथ ली। झामुमो विधायक जगरनाथ महतो, कांग्रेस विधायक बादल पत्रलेख तथा झामुमो विधायक मिथिलेश कुमार ठाकुर किसी सरकार में पहली बार मंत्री बने हैं।शपथ ग्रहण समारोह में हेमंत सोरेन सरकार के मौजूदा मंत्री रामेश्वर उरांव और आलमगीर आलम, राजद कोटे से मंत्री बने सत्यानंद भोक्ता समेत कई गण्यमान्य लोग मौजूद रहे।
