
रांचीः मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि झारखंड के लोग 21 जून को विश्व योग दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ रांची के प्रभात तारा मैदान में योगा करेंगे। झारखंड के लिए यह ऐतिहासिक अवसर होगा कि प्रधानमंत्री स्वयं रांची की धरती से विश्व योग दिवस पर पूरी दुनिया को संदेश देंगे। विश्व में योग की पहचान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कारण ही बनी है। हमें हेल्दी झारखंड और हेल्दी भारत बनाना है। इसके लिए 13 जून को राज्य सरकार पंचायत, प्रखंड और जिला स्तर सहित पूरे प्रदेश में योग प्रशिक्षण शिविर का आयोजन करेगी। प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम राजभवन में होगा। मुख्यमंत्री ने विश्व योग दिवस के मुख्य कार्यक्रम में भाग लेने लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन पोर्टल पकलतंदबीप.पद ध्लवहंकंलपदकपं.दपब.पद वेबसाइट का शुभारंभ भी किया। दुनिया के किसी भी हिस्से से इस पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति का अभिन्न अंग है। योग मनुष्य के मन, शरीर और विचार को संयमित करता है। उन्होंने कहा कि आधुनिक जीवन शैली में अधिक भागदौड़ के कारण मनुष्य के शरीर में तरह-तरह की बीमारियां हो रही है। इनसे तभी मुक्ति मिलेगी, जब हम निरंतर योग करेंगे। योग अपनाकर ही स्वस्थ झारखंड और स्वस्थ भारत का निर्माण किया जा सकेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि योग से स्वस्थ शरीर स्वस्थ मन के साथ-साथ रोजगार की भी असीम संभावनाएं हैं। वर्तमान समय में विदेशों में भी योग प्रशिक्षक की काफी मांग है। अन्य देशों में सभी फ्लैट्स में योग प्रशिक्षक रखे जाते हैं। योग दिवस के मुख्य कार्यक्रम को देखते हुए सभी जिलों के उपायुक्तों को जिला स्तर पर संगोष्ठी करने का निर्देश दिया गया है।
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने योग दिवस के मुख्य कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विभिन्न सामाजिक संस्थान, स्वयंसेवी संस्थान, कॉरपोरेट हाउस, स्कूल और कॉलेज में पढ़ने वाले युवक युवतियों से बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने अपील किया कि सभी राजनीतिक दल के लोग भी इसमें हिस्सा लें, तभी यह जनांदोलन बनेगा। खादी के मैट लोगों को दिये जायेंगे. इतना ही नहीं, इस बार योग दिवस समारोह के लिए पंडाल भी नहीं बनेगा. लोग खुले में योगाभ्यास करेंगे. यह पहला मौका है, जब लोगों के लिए खादी के मैट बनवाये गये हैं. ज्ञात हो कि धुर्वा स्थित प्रभात तारा मैदान में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में 30-35 हजार लोगों के बैठने की क्षमता होगी.
मुख्य समारोह से पहले राजधानी रांची में रन फॉर योगा का आयोजन किया जायेगा. इसी तरह पंचायतों, प्रखंडों और जिलों में भी रन फॉर योग और योग पर संगोष्ठियों का आयोजन किया जायेगा. श्री कुलकर्णी ने कहा कि मुख्य समारोह में शामिल होने के लिए रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य है.
