
मुखर संवाद के लिये शशिकांत की रिपोर्टः-
बोकारो: बोकारो जिले स्थित डीवीसी चंद्रपुरा ताप विद्युत संयंत्र में रविवार की शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शाम करीब 7 बजे कोल हैंडलिंग प्लांट (सीएचपी) सेक्शन से जुड़े एमसीसी-2 (मोटर कंट्रोल सेंटर) में अचानक आग लग गई। आग लगते ही पैनल से काला धुआं निकलने लगा, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। कुछ ही मिनटों में पूरा पैनल धू-धू कर जलने लगा, जिससे प्लांट परिसर में अफरातफरी का माहौल बन गया। घटना के तुरंत बाद वहां मौजूद कर्मचारियों ने सूझबूझ दिखाते हुए संबंधित विभागों को सूचना दी और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए। प्लांट की अग्निशमन टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया। इस दौरान सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए प्रभावित क्षेत्र की बिजली आपूर्ति को तत्काल बंद कर दिया गया, जिससे किसी बड़े विस्फोट या जनहानि की आशंका को टाला जा सका।
बताया जा रहा है कि आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट हो सकता है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन उपकरणों को नुकसान पहुंचा है, जिससे उत्पादन पर आंशिक प्रभाव पड़ सकता है। प्रबंधन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और तकनीकी टीम को क्षति का आकलन करने में जुटा दिया गया है। साथ ही भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचाव के लिए सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने की बात कही गई है। समय रहते आग पर काबू पा लेने से एक बड़ी दुर्घटना टल गई, जिससे प्लांट प्रशासन और कर्मचारियों ने राहत की सांस ली।
