
रांची से श्रेया की रिपोर्टः-
रांची: झारखंड में अगले दो दिनों तक मौसम बेहद ही खराब रहनेवाला है। राजधानी रांची के मौसम को लेकर अब लोगों के बीच चर्चा का मौसम है। बादल होने के कारण कनकनी तो नहीं बढ़ी है लेकिन मौसम बेहद ही परेशान करनेवाला है। राजधानी रांची में आज सुबह से ही बादल छाए हैं। सुबह नौ बजे थोड़ी देर के लिए धूप निकली लेकिन थोड़ी ही देर में बादलों ने उसे अपने गिरफ्त में ले लिया। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के अनुसार ,अगले 2 दिनों तक रांची सहित पूरे झारखंड में बादल छाए रहेंगे। बूंदाबांदी के भी आसार हैं। ऐसी स्थिति 16 दिसंबर तक रहने की संभावना जताई गई है। इस दौरान दिन का तापमान घटेगा। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने कहा है कि अरब सागर में एक लो प्रेशर बना हुआ हैं। साथ ही पश्चिमी विक्षोभ के असर की वजह से राजस्थान में एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है। अगले 2 दिनों तक रांची में दिन में बादल छाए रहेंगे। बारिश की संभावना है। 16 दिसंबर तक रांची का अधिकतम तापमान 24 से 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 से 14 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिक के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ आने से पहाड़ों पर बर्फबारी होती है और अगर विक्षोभ ज्यादा मजबूत होता है तो उत्तर के मैदानी इलाकों में बारिश होती है। जब बादल छंट जाते हैं और पश्चिम उत्तर हवाएं चलती हैं तो इससे मैदानी इलाकों का तापमान तेजी से गिरता है।अभिषेक आनंद ने बताया कि पहाड़ी इलाकों में मौसम साफ हो गया है। वहां बर्फबारी भी हुई है।अगले एक से दो दिनों में वहां से आने वाली ठंडी हवा झारखंड समेत पूरी रांची में ठंड बढ़ाएगी। उन्होंने बताया कि तेजी से न्यूनतम पारे में गिरावट की संभावना है।
