
मुखर संवाद के लिये प्रमिला यादव की रिपोर्टः-
मुंबईः महात्मा गांधी और डा. भीमराव अंबेडकर को मानने वाले लोग भले ही आरएसएस का विरोध करें लेकिन आएसएस की शाखाओं में महात्मा गांधी और डा. भीमराव अंबेडकर गये थे। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अपने शताब्दी वर्ष में प्रवेश कर चुका है, और इस खास मौके पर उसने एक बड़ा दावा किया है। आरएसएस ने एक बयान जारी कर दावा किया है कि महात्मा गांधी और बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर संघ की शाखाओं में शामिल हो चुके हैं। संघ के मुताबिक, गांधी 1934 में संघ के एक शिविर में पहुंचे थे जबकि आंबेडकर ने 1940 में संघ की एक शाखा में भेंट दी थी। आरएसएस ने अपने दावे के समर्थन में पेपर की एक कटिंग भी दिखाई है। वर्धा के शिविर में गांधी तो सतारा की शाखा में आए थे डा. भीमराव अंबेडकर ।
आरएसएस के विश्व संवाद केंद्र ने एक बयान जारी कर बताया कि महात्मा गांधी 1934 में वर्धा स्थित संघ के शिविर में पहुंचे थे। बता दें कि यह दौरा उस समय हुआ था जब भारत स्वतंत्रता संग्राम में जुटा हुआ था, और गांधीजी के विचारों का पूरे देश पर गहरा असर था। विश्व संवाद केंद्र ने अपने बयान में यह भी कहा कि भारतीय संविधान के निर्माता बाबासाहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर 2 जनवरी 1940 को महाराष्ट्र के सतारा जिले के कराड में संघ की एक शाखा में भेंट देने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने संघ के स्वयंसेवकों से मुलाकात की और उन्हें संबोधित भी किया।विश्व संवाद केंद्र के मुताबिक, डॉ. आंबेडकर ने अपने संबोधन में कहा था कि कुछ मुद्दों पर उनके और संघ के बीच मतभेद हो सकते हैं, लेकिन इसके बावजूद वह संघ को अपनेपन की भावना से देखते हैं। बयान के मुताबिक, डॉ. आंबेडकर के इस दौरे के बारे में एक खबर 9 जनवरी 1940 को पुणे के प्रसिद्ध मराठी दैनिक श्केसरीश् में प्रकाशित हुई थी। ‘केसरी’ द्वारा प्रकाशित इस खबर में डॉ. आंबेडकर के संघ शाखा के दौरे का उल्लेख किया गया था। विश्व संवाद केंद्र ने अपने दावे के समर्थन में खबर की एक प्रति अपने बयान में संलग्न की है।
