
मुखर संवाद के लिये शिल्पी यादव की रिपोर्टः-
रांची: पूरे देश में छठ महापर्व को मनाया जा रहा है। लेकिन मौसम का मिजाज बदलने वाला है। बंगाल की खाड़ी में बन रहा निम्न दबाव का क्षेत्र अब धीरे-धीरे ताकत पकड़ रहा है और मौसम विभाग के मुताबिक यह अगले दो दिनों में चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। इसका असर कोल्हान प्रमंडल में भी देखने को मिलेगा, जहां 27 अक्टूबर से मौसम करवट लेने लगेगा। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में यह प्रणाली लगातार सक्रिय हो रही है। 26 अक्टूबर तक इसके और गहराने की संभावना है, जबकि 27 अक्टूबर की सुबह तक यह चक्रवाती तूफान बन सकता है। यह 28 अक्टूबर की शाम या रात के दौरान आंध्र प्रदेश के काकीनाडा के आसपास तट से टकरा सकता है। इसके चलते आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटीय इलाकों में तेज हवाओं और भारी बारिश की संभावना जताई गई है। हवा की रफ्तार 90 से 110 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। बंगाल की खाड़ी में उठे इस तूफान का अप्रत्यक्ष असर झारखंड में भी देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार, कोल्हान प्रमंडल के तीनों जिले पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में 27 से 30 अक्टूबर तक मौसम खराब रह सकता है।27 अक्टूबर को शाम तक बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना है। 29 अक्टूबर को पूरे दिन तेज बारिश और गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका है। जबकि 30 अक्टूबर को हल्की बारिश के साथ ठंड में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है। मौसम विभाग ने 29 अक्टूबर के लिए येलो अलर्ट जारी किया है और लोगों से सतर्क रहने को कहा है। कोल्हान के विभिन्न घाटों पर छठ की तैयारियां जोरों पर हैं। घाटों की सफाई, सजावट और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है। हालांकि बारिश की संभावना को देखते हुए व्रतियों में थोड़ी चिंता जरूर है। हालांकि, बारिश और तूफान की आशंका के बावजूद व्रतियों के जोश में कोई कमी नहीं दिख रही। लोग मानते हैं कि छठ मईया की कृपा से सब कुछ शुभ ही होगा।
